16 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

प्रियंका गांधी से मिले करन माहरा उत्तराखंड में संगठन की मजबूती पर मंथन

प्रियंका गांधी से मिले करन माहरा उत्तराखंड में संगठन की मजबूती पर मंथन

आज नई दिल्ली में उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी से मुलाकात की, इस अवसर पर उन्होंने प्रियंका गांधी को वायनाड लोकसभा सीट से भारी बहुमत से जीतने पर बधाई दी। इस मुलाकात के दौरान, करन माहरा ने उत्तराखंड के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और प्रदेश में कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के अपने प्रयासों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का हर कांग्रेस कार्यकर्ता इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर से आने वाले संदेशों को बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए। उन्होंने ये भी बताया कि प्रदेश कांग्रेस द्वारा धरना, प्रदर्शन और जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ निरंतर आवाज उठाई जा रही है। प्रियंका गांधी ने करन माहरा से कहा कि उनका और उनके परिवार का उत्तराखंड से गहरा जुड़ाव है। उन्होंने ये भी बताया कि देवभूमि की स्मृतियां आज भी उनके मन में ताजा हैं और वहां बिताए गए दिनों से उन्हें अलौकिक शांति की अनुभूति होती है। प्रियंका गांधी ने आश्वासन दिया कि वे व्यक्तिगत रूप से उत्तराखंड में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगी साथ ही उन्होंने उत्तराखंड के प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता को अपनी ओर से शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

See also  देहरादून में फिटनेस को लेकर पहल, भगत सिंह कोश्यारी भी हुए शामिल

उत्तराखंड के लिहाज से अहम चर्चा

उत्तराखंड में कांग्रेस 2017 से सत्ता से बाहर है। 2014 से लोकसभा की एक भी सीट नहीं जीती है। केदारनाथ उपचुनाव में हाल हुई है। जल्द ही निकाय चुनाव होने हैं। संगठन स्तर पर भी तमाम चुनौतियां हैं। 2022 से अब तक करन माहरा की टीम नहीं बन पाई है।‌ सूत्रों के मुताबिक माहरा ने इन‌ सभी मसलों पर प्रियंका गांधी से चर्चा की। करन माहरा दिल्ली इसी मकसद से गए हैं कि आलाकमान की ओर से उत्तराखंड में संगठन की नियुक्ति के लिए हरी झंडी मिल जाए। देवेंद्र यादव जब उत्तराखंड के प्रभारी थे तब से ही उत्तराखंड कांग्रेस की कार्यकारिणी बनाने के लिए लिस्ट दिल्ली भेजी जा चुकी है। अब कुमारी शैलजा को भी प्रभारी बने हुए एक साल होने वाला है मगर टीम बन‌ नहीं पाई। प्रियंका से मुलाकात के बाद उम्मीद की जा रही है कि आगे का रास्ता निकलेगा। हालांकि इसमें कितना वक्त और लगेगा इसे लेकर कुछ भी कहना मुश्किल है।

See also  नड्डा दे गए बीजेपी को एकजुटता की नसीहत