बीजेपी नेता हेमंत द्विवेदी को बदरी-केदार मंदिर समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। चारधाम यात्रा की शुरुआत में ही नई जिम्मेदारी को लेकर हेमंत द्विवेदी ने पार्टी नेतृत्व और सीएम धामी का आभार जताया है। हेमंत द्विवेदी ने कहा
जय अनंत श्री बद्री-केदार की जय
जेहि-जेहि जोनि करमबस भ्रमहीं
तंह-तंह ईसु देहु यह हमहीं।।
सेवक हम स्वामी सियनाहू
होउ नात यह ओर निबाहू।।
अपने कर्मों के वश भ्रमते हुए जिस भी योनि में जन्म हो, हम सेवक हों और प्रभु राम हमारे स्वामी हों और यह नाता अंत तक निभ जाए।
(रामचरित मानस से)
मेरे जीवन में इससे बड़ा दिन क्या होगा? जिन बद्री केदार के आशीर्वाद की छाया पाने को ब्रह्मांड लालायित रहता है, उनकी सेवा का अवसर मुझे मिला है। यह निश्चित ही मेरे माता-पिता और उनके भी पूर्वजों के पुण्य उदित हुए हैं। प्रभु की कृपा है कि उनकी अनुकंपा अहेतुक ही मुझ पर बरसी है। क्या कहूं.. वाणी नि:शब्द है।
यह लिखते हुए हर्षातिरेक से उंगलियां कंपन कर रही हैं। आंखों में मानसून है और इस अपरंपार कृपा का पात्र बन कर विह्वल हूं। अंतरात्मा को ऐसे विश्राम की प्रतीति है, जैसे युगों-युगों से भटकने के बाद कोई अनायास मां की गोद में आश्रय पा जाए।
इन पवित्र स्थलों पर ही पांडव हत्याओं के पाप से मुक्त हुए। यहां रूठी हुई मां लक्ष्मी को भगवान विष्णु तपस्या करते मिले। यहीं आदि शंकराचार्य के पावन चरण पड़े। यहीं पूरी दुनिया से सत्य के शोधार्थी अपनी आध्यात्मिक अभीप्सा की खोज में आते हैं। ऐसे दिव्य धाम की सेवा से मेरी पीढ़ियां धन्य होंगी।
श्री बद्री केदार मंदिर समिति के सेवक के रूप में यह अवसर बिना प्रभु की आशीष छाया के मिल ही नहीं सकता। बद्री-केदार के युगल चरणों की वंदना करते हुए हृदय की गहराइयों से अपने राष्ट्रीय नेतृत्व व माननीय यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ,प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ,प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी का आभार व्यक्त करता हूं। संगठन के उन तमाम पदाधिकारियों का भी आभार जिन्होंने यह महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी मुझे सौंपी है। बाबा केदार और भगवान बद्री नारायण, माता भगवती, सभी देवी देवताओं, पितरों, माता-पिता के आशीर्वाद से जो सेवा का अवसर मिला है, इसके लिए मैं हमेशा प्रतिबद्ध रहूँगा।,

More Stories
धान खरीद में सुस्ती को लेकर किसान परेशान, कांग्रेस नेता गणेश उपाध्याय ने लगाया घोटाले का आरोप
दून यूनिवर्सिटी में विरासत से विकास तक विषय पर विचार गोष्ठी, दीप्ति रावत ने युवाओं को दिया खास संदेश
उपनल कर्मचारियों की हड़ताल पर कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने धामी सरकार पर बोला हमला