11 April 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

चमोली में धूमधाम से मनाया गया हरेला पर्व

चमोली में धूमधाम से मनाया गया हरेला पर्व

चमोली जनपद में पर्यावरण संरक्षण का लोक पर्व हरेला हर्षोल्लास व पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। पर्यावरणविद् चंडी प्रसाद भट्ट और जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने पौधारोपण कर जनपद में कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति से जुड़ाव और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। यह पर्व हमें हरित क्षेत्र को बढ़ाने और जलवायु संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने बताया कि जनपद में व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही रोपित पौधों के संरक्षण की भी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

See also  चारधाम यात्रा को सुरक्षित बनाने की कवायद, आपदा प्रबंधन विभाग ने की मॉक ड्रिल

पर्यावरणविद् चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि युवा, महिलाएं और छात्र आज पर्यावरण संरक्षण के सबसे बड़े सहयोगी बनकर सामने आ रहे हैं। उनके प्रयासों से पर्यावरण को मजबूती मिली है। उन्होंने ये भी कहा कि आमजन को यह समझाना होगा कि जंगल में आग लगने से सबसे पहला नुकसान स्वयं जनता को ही होता है, इसलिए सभी को मिलकर वनों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदारी लेनी होगी। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, वन संरक्षक नंदादेवी नेशनल पार्क पंकज कुमार, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, डीएफओ केदारनाथ तरुण एस, डीएफओ बद्रीनाथ सर्वेश दुबे,अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश आदि मौजूद थे।

See also  शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने की कुंभ तैयारी की समीक्षा, सभी काम तय वक्त पर पूरा करने के निर्देश