18 November 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

पिथौरागढ़ के नैनीपातल में पाला गिरने से गंभीर संकट

पिथौरागढ़ के नैनीपातल में पाला गिरने से गंभीर संकट

जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष भटगांई ने जनपद में शीतकाल के दौरान पाला गिरने से उत्पन्न हो रही सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ने बताया कि उनके द्वारा पूर्व में लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), समस्त कार्यदायी संस्थाओं तथा सड़क मार्गों से संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि जनपद के समस्त पाला-ग्रस्त (आइसिंग संभावित) स्थलों को तत्काल चिन्हित किया जाए तथा उन स्थलों पर चूना एवं नमक का नियमित रूप से छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त, आम जनमानस की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पाला-ग्रस्त मार्गों पर स्पष्ट एवं प्रभावी चेतावनी साइनेज बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। पिथौरागढ़ के नैनीपातल में पाला गिरने से गंभीर संकट

किन्तु जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि निरीक्षण एवं प्राप्त सूचनाओं के आधार पर यह तथ्य संज्ञान में आया है कि संबंधित विभागों — लोनिवि, पीएमजीएसवाई एवं अन्य कार्यदायी संस्थाओं द्वारा दिए गए निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन नहीं किया जा रहा है। कई पाला-ग्रस्त सड़क मार्गों पर न तो चूना-नमक का छिड़काव किया गया है और न ही आवश्यक चेतावनी संकेतक लगाए गए हैं, जो स्पष्ट रूप से घोर लापरवाही एवं कर्तव्यहीनता का परिचायक है। जिलाधिकारी ने कहा कि शीतकाल के दौरान पाला गिरने से सड़कें अत्यधिक फिसलनयुक्त हो जाती हैं, जिससे आम नागरिकों, वाहन चालकों एवं यात्रियों की जान को सीधा खतरा उत्पन्न होता है। ऐसी स्थिति में जनपद अंतर्गत यदि किसी भी पाला-ग्रस्त सड़क मार्ग पर उचित व्यवस्थाएं न होने के कारण कोई भी दुर्घटना घटित होती है, तो संबंधित विभाग, कार्यदायी संस्था एवं उत्तरदायी अधिकारी को पूर्ण रूप से जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

See also  राज्यपाल ने नशे की रोकथाम के लिए दिए निर्देश

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी किसी भी दुर्घटना की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्यवाही, अनुशासनात्मक कार्रवाई एवं उत्तरदायित्व निर्धारण किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा निर्देशों की अवहेलना को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभाग तत्काल प्रभाव से पाला-ग्रस्त स्थलों का पुनः निरीक्षण करें, आवश्यकतानुसार चूना एवं नमक का छिड़काव सुनिश्चित करें, चेतावनी बोर्ड लगाएं तथा इसकी सूचना लिखित रूप में जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। साथ ही नियमित निगरानी एवं सतत समीक्षा की जाए, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि की संभावना को पूरी तरह से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई या बहाना किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

See also  उत्तराखंड को आदर्श हिमालयी राज्य बनाने की कवायद

उल्लेखनीय है कि आज प्रातः पिथौरागढ़-धारचूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर नैनीपातल के समीप भारी पाले के कारण एक वाहन फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 04 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। नैनीपातल से सतगढ़ क्षेत्र में शीतकाल के दौरान भारी पाला गिरता है।

जिलाधिकारी ने उक्त घटना का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई है। वर्तमान में जिला प्रशासन द्वारा सड़क पर चूना एवं नमक का छिड़काव कराया जा रहा है तथा मौके पर प्रशासनिक टीम की तैनाती भी की गई है, जो वाहन चालकों को सतर्क एवं जागरूक करेगी।

See also  जनगणना के दूसरे चरण का शुरुआत,‌सीएम धामी ने सपरिवार की स्व गणना