6 June 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

यमकेश्वर में इंटर कॉलेज की दो मंजिला इमारत का यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया उद्घाटन

यमकेश्वर में इंटर कॉलेज की दो मंजिला इमारत का यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया उद्घाटन

इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित दो मंजिला भवन के उद्घाटन के अवसर पर उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यमकेश्वर पहुंचे। कार्यक्रम से पहले दोनों मुख्यमंत्रियों ने यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इसके पश्चात दोनों नेताओं ने इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित भवन का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विद्या मनुष्य का सबसे बड़ा आभूषण है। शिक्षा केवल डिग्री या रोजगार का साधन नहीं, बल्कि संस्कार, चेतना और नैतिक मूल्यों के विकास का आधार है। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड सरकार द्वारा बीते चार वर्षों में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। सरकार शिक्षा के सुदृढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और नवाचार के माध्यम से समावेशी विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

See also  एसआईआर को लेकर उत्तराखंड में तैयारियां पूरी

उन्होंने कहा कि नवनिर्मित इंटर कॉलेज भवन से विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुरक्षा, सुशासन और विकास के संबंध में पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है कि योगी आदित्यनाथ ने यहीं से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और आज देश के सशक्त नेतृत्वकर्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भौतिक विकास जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं है, बल्कि यह केवल आवश्यकताओं की पूर्ति का माध्यम है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की भूमिका केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर संस्कार, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के संवर्धन की भी होनी चाहिए।

See also  भट्टोवाला गोलीकांड को लेकर सवाल, कांग्रेस ने पुलिस से की आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग

मुख्यमंत्री योगी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें व्यवहारिक एवं कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष बल दिया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार भवन की गुणवत्ता सुनिश्चित की गई है, उसी प्रकार शिक्षण की गुणवत्ता भी उच्चस्तरीय होनी चाहिए।

इस अवसर पर सांसद हरिद्वार त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सभी को शुभकामनाएं दीं। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विद्यालय के प्रांतीयकरण की मांग पर कार्यवाही का आश्वासन दिया। प्रांतीयकरण की मांग क्षेत्रीय विधायक श्रीमती रेनू बिष्ट ने की थी।‌ कार्यक्रम में दोनों मुख्यमंत्रियों द्वारा विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी  स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  सर्वेश पंवार समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।