9 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

जन जन की सरकार जन जन के द्वार के तहत लगाए जा रहे शिविरों का पिथौरागढ़ में लोगों को मिल रहा फायदा

जन जन की सरकार जन जन के द्वार के तहत लगाए जा रहे शिविरों का पिथौरागढ़ में लोगों को मिल रहा फायदा

शासन के निर्देशों के क्रम में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अन्तर्गत दिनांक 17 दिसम्बर, 2025 से जनपद पिथौरागढ़ की 64 न्याय पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज न्याय पंचायत राईगढ़स्यारी के राजकीय इंटर कॉलेज राईआगर, विकासखंड बेरीनाग, जनपद पिथौरागढ़ में शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता योगेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी द्वारा की गई। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केन्द्र एवं राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में 570 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

See also  सीएम धामी ने बजट तैयार करने के लिए बनबसा में किया संवाद

कार्यक्रम में फकीर राम टम्टा, माननीय विधायक गंगोलीहाट,  संगीता चन्याल, ब्लॉक प्रमुख बेरीनाग सहित 28 जनप्रतिनिधि एवं 65 अधिकारी/कार्मिक उपस्थित रहे। शिविर में लगभग 425 व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया। कुल 109 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 88 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा शेष 21 शिकायतों को संबंधित विभागों को यथोचित कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया।

शिविर में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायत राज, कृषक एवं कृषक कल्याण, उद्यान, समाज कल्याण, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, आयुष, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, आधार कैम्प, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, लोक निर्माण, पीएमजीएसवाई, यूसीसी, पेयजल, शिक्षा सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए। विभिन्न स्टॉलों पर वृद्धावस्था, विधवा एवं विकलांग पेंशन, परिवार रजिस्टर, जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड आदि से संबंधित आवेदन भरवाए गए।

See also  उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की कवायद

शिविर के दौरान आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा पेयजल, सड़क, स्मार्ट मीटर, विद्युत लाइन, आंगनबाड़ी केन्द्र एवं पंचायत घर निर्माण जैसी समस्याएँ प्रस्तुत की गईं। अपर जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक समस्या की सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए गए। शिविर के समापन पर अपर जिलाधिकारी ने आगामी कैम्पों के लिए वृहद प्रचार-प्रसार का आह्वान करते हुए सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिविर में उपस्थित रहकर अधिकतम समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक पहुँच सके।