13 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

सीएम धामी ने सहसपुर में विकास योजनाओं की सौगात दी

सीएम धामी ने सहसपुर में विकास योजनाओं की सौगात दी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत जनपद देहरादून के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में मीठीबेरी से परवल होते हुए चांदनी चौक तक तथा परवल से विज्ञान धाम झाझरा तक ₹1203.40 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के द्वितीय चरण (किलोमीटर 1 से 10) का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदृढ़ सड़क अवसंरचना प्रदेश के समग्र विकास का आधार है। बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय व्यापार, पर्यटन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलेगी और क्षेत्र की आर्थिकी सशक्त होगी।

मुख्यमंत्री ने सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें भाऊवाला में पेयजल आपूर्ति हेतु नलकूप निर्माण, नगर निगम क्षेत्र में जलभराव से निजात हेतु दरू चौक से केशववाला नदी तक नाला निर्माण, आर्केडिया बड़ोवाला पार्क के पास मोक्षधाम का निर्माण, आसनपुर से श्मशान घाट तक पुस्ता एवं मार्ग निर्माण, ठाकुरपुर अंतर्गत उमेदपुर व परवल में आसन नदी पर कृषि भूमि की सुरक्षा हेतु पुस्ता निर्माण, नगर निगम वार्ड संख्या 93 बड़ोवाला आवासीय क्षेत्र की सुरक्षा हेतु पुस्ता निर्माण, पौंधा में श्मशान घाट सड़क निर्माण तथा नाले से भूमि कटाव की रोकथाम हेतु पुस्ता निर्माण का कार्य शामिल है।

See also  उत्तराखंड में राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन बढ़ाई गई

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रेटिंग्स उत्तराखंड को समावेशी विकास में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित कर रही हैं। मातृशक्ति को पहाड़ की अर्थव्यवस्था का केंद्र बताते हुए उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी’ योजना के माध्यम से महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के जरिए ऐसे उत्पाद तैयार कर रही हैं जो बहुराष्ट्रीय कंपनियों को भी प्रतिस्पर्धा दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था 26 गुना बढ़ी है, बजट आकार एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है, विद्युत उत्पादन चार गुना बढ़ा है तथा रिवर्स माइग्रेशन में 44 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है।

See also  पिथौरागढ़ में यक्षवती नदी क्षेत्र में आयोजित हुआ नदी महोत्सव, जल संरक्षण का लिया सामूहिक संकल्प

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि देवभूमि उत्तराखण्ड की मूल पहचान, संस्कृति और जनसांख्यिकीय संतुलन से किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, अवैध अतिक्रमण और भू-माफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। प्रदेश में रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा इस वित्तीय वर्ष में 10 से 12 हजार नियुक्तियों की तैयारी की जा रही है।

विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सुशासन और विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। युवा, महिला और किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है। प्रदेश की संस्कृति और मौलिक पहचान बनाए रखने के लिए सख्त कानून बनाए गए हैं। पुष्कर धामी के नेतृत्व में अब तुष्टिकरण के लिए कोई स्थान नहीं है। सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास पर कार्य किया जा रहे हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।