13 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

हल्द्वानी डबल मर्डर केस में गैंगस्टर समेत चार आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी डबल मर्डर केस में गैंगस्टर समेत चार आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी के मंडी परिसर में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर कांड का पुलिस ने मात्र 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस जघन्य वारदात में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। त्वरित कार्रवाई और सटीक जांच के चलते पुलिस ने अहम साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं।

क्या है पूरा मामला?

मृतक शुभम उर्फ गोलू और 19 वर्षीय लक्ष्मी की पत्थरों से कुचलकर बेरहमी से हत्या की गई थी। शुरुआती जांच और पूछताछ में सामने आया कि घटना से पहले आरोपी और दोनों मृतक साथ में थे। शराब के नशे में आपसी कहासुनी और कथित छेड़खानी को लेकर विवाद बढ़ा, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। इसी दौरान चारों आरोपियों ने मिलकर दोनों की जान ले ली।

See also  यशपाल आर्य ने सरकार पर लगाया ऊर्जा सुरक्षा को निजी हाथों में सौंपने की साज़िश का आरोप

ये हैं आरोपी

पुलिस ने मुख्य आरोपी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर को गिरफ्तार किया है, जिस पर पहले से गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई दर्ज है। उसके साथ

दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव

दीपेश लटवाल

सौरभ भट्ट उर्फ भटिया को भी गिरफ्तार किया गया है। चारों से गहन पूछताछ जारी है।

अहम बरामदगी

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर, आरोपियों के मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और फॉरेंसिक जांच के आधार पर केस को मजबूत किया जा रहा है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कई टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंचा गया। मात्र 12 घंटे में पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल था, लेकिन पुलिस की तेज कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।हल्द्वानी का ये डबल मर्डर केस एक बार फिर शराब और आपसी विवाद से उपजे हिंसक अपराधों की भयावह तस्वीर सामने लाता है। पुलिस ने साफ कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।