टनकपुर क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले में एक महिला की कुचलकर मौत हो गई। घटना ककराली गेट नंबर एक स्थित लिसा डिपो के पास की बताई जा रही है। महिला की मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 5 की कुछ महिलाएं जंगल क्षेत्र में लकड़ी बीनने गई थीं। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया और महिलाओं को दौड़ा दिया। अफरा-तफरी के बीच हाथी ने एक महिला पर हमला कर दिया, जिससे वह गिर गई और हाथी ने उसे कुचल दिया।
मृतका की पहचान माधुरी पत्नी भूपराम निवासी नई बस्ती, वार्ड नंबर 5 के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतका के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन पुत्र और एक पुत्री शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
यह घटना तराई पश्चिमी वन प्रभाग की शारदा रेंज के अंतर्गत हुई। सूचना पर डीएफओ कुंदन कुमार भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने तात्कालिक सहायता के रूप में मृतका के परिजनों को तीन लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं वन विभाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और सतर्कता बरतें।

More Stories
उत्तरकाशी में जन जन की सरकार कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम धामी
रुद्रप्रयाग कोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान
देहरादून में ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल, SSP से की शिकायत, ज्ञापन के जरिए दिए अहम सुझाव