7 March 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

गृह मंत्री से मुलाकात करने जा रही उत्तराखंड महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला को पुलिस ने पकड़ा, सड़क पर गिरने से लगी चोट

गृह मंत्री से मुलाकात करने जा रही उत्तराखंड महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला को पुलिस ने पकड़ा, सड़क पर गिरने से लगी चोट

उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड आगमन के अवसर पर प्रदेश से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों को लेकर ज्ञापन देने का प्रयास किया।

ज्योति रौतेला ने कहा कि उत्तराखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था, प्रदेश की बेटी अंकिता भण्डारी हत्याकांड में अब तक पूर्ण न्याय न मिलना, प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराध, महिलाओं की असुरक्षा, बढ़ती महंगाई, बढ़ती बेरोज़गारी तथा आम जनता से जुड़े अन्य गंभीर मुद्दों को लेकर गृहमंत्री को ज्ञापन दिया जाना था। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित जेफरी एपस्टीन से जुड़ी फाइल में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम सामने आने की खबरों को लेकर भी निष्पक्ष जांच और उनके इस्तीफे की मांग ज्ञापन में शामिल थी।
प्रदेश अध्यक्ष रौतेला ने बताया कि महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता गृहमंत्री को लोकतांत्रिक तरीके से ज्ञापन देने के लिए जा रही थीं, लेकिन पुलिस द्वारा उन्हें काफी समय तक रोके रखा गया। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ने कहा कि मौके पर मौजूद किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने ज्ञापन लेने की जहमत तक नहीं उठाई। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने बताया कि जब उन्होंने इस पर नाराजगी व्यक्त की तो वहां भारी पुलिस बल के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई, जिसमें उन्हें चोटें भी आईं। इसके बाद भी बिना ज्ञापन लिए उन्हें और उनकी महिला साथियों को वहां से ऋषिकेश कोतवाली ले जाया गया। इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए रौतेला ने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक संगठनों को अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा “गृह मंत्री’’ अमित षाह केवल किसी एक राजनीतिक दल के गृह मंत्री नहीं हैं, बल्कि पूरे देश के गृह मंत्री हैं। वे जब भी उत्तराखंड आते हैं, तो यहां की जनता से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को सुनने के बजाय विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास करते है। उन्होंने कहा कि जब भी हम जनहित के मुद्दों को लेकर उनसे मिलने का प्रयास करते हैं, हमें रोक दिया जाता है या गिरफ्तार कर लिया जाता है।
महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, युवाओं में बढ़ती बेरोज़गारी और आम जनता पर बढ़ती महंगाई का बोझ गंभीर चिंता का विषय है। इसके साथ ही अंकिता भण्डारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की पहचान आज तक सार्वजनिक न होना न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। ज्योति रौतेला ने कहा कि एपस्टीन से संबंधित एप्सटीन फाइल में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंहं पुरी का नाम सामने आने के मामले में पारदर्शिता और नैतिक जवाबदेही के लिए निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए तथा जांच पूरी होने तक उनसे इस्तीफा लिया जाना चाहिए। ज्योति रौतेला ने कहा कि भाजपा सरकार के दबाव में प्रशासन काम कर रहा है और महिलाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा महिला कांग्रेस इस तानाशाही रवैये के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी और महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर सरकार को जवाब देना होगा। उन्होंने इस घटना की कडी निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने और ज्ञापन देने का अधिकारी समी को है, लेकिन सरकार के दबाव में पुलिस द्वारा इस तरह की कार्रवाही बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रदेश और देश से जुड़े इन ज्वलंत मुद्दों पर सरकार द्वारा गंभीरता से संज्ञान नहीं लिया गया तो उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस अवसर पर वरिष्ठ महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महानगर अध्यक्ष उर्मिला ढौंढियाल थापा, जिला अध्यक्ष पछुवादून अंशुल त्यागी, जिला अध्यक्ष हरिद्वार अंजू मिश्रा, महासचिव निधि नेगी, ब्लॉक अध्यक्ष अनीता सकलानी, महासचिव दीपा चौहान, प्रदेश महासचिव नलिनी दीक्षित, सचिव भावना शर्मा, नितिन उनियाल,गौरव रावत युवा कांग्रेस आदि मौजूद रहे।

See also  सात मार्च को गृह मंत्री अमित शाह का हरिद्वार दौरा, धामी सरकार के कामकाज की करेंगे समीक्षा