18 April 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

महिला आरक्षण को लेकर संग्राम, करन माहरा बोले मोदी सरकार और बीजेपी ने किया देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात

महिला आरक्षण को लेकर संग्राम, करन माहरा बोले मोदी सरकार और बीजेपी ने किया देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा ने देश की आधी आबादी मातृशक्ति के साथ विश्वासघात किया है और अब अपने राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए झूठ और भ्रम का जाल बुन रही है। श्री माहरा ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की प्रबल पक्षधर रही है और वर्ष 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन भी कांग्रेस ने पूरी मजबूती से किया था। लेकिन भाजपा ने इस ऐतिहासिक कानून को लागू करने के बजाय इसे जानबूझकर जनगणना और परिसीमन जैसी प्रक्रियाओं में उलझाकर टालने की रणनीति अपनाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिलाओं के अधिकारों को सुनिश्चित करने के बजाय इसे केवल चुनावी हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है, ताकि जनता की भावनाओं को भड़काकर राजनीतिक लाभ लिया जा सके। संसद में हालिया घटनाक्रम को लेकर उन्होंने कहा कि परिसीमन और सीटों के पुनर्गठन से जुड़े संविधान संशोधन को इस तरह प्रस्तुत किया गया मानो विपक्ष महिला आरक्षण का विरोध कर रहा हो, जबकि सच्चाई इसके ठीक विपरीत है। कांग्रेस न केवल महिला आरक्षण के पक्ष में है, बल्कि वह चाहती है कि इसे बिना किसी देरी के तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए, ताकि देश की महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार मिल सके।

See also  कनालीछीना में तहसील भवन और पार्किंग निर्माण को लेकर डीएम ने क्यों जताई नाराजगी?

माहरा ने आगे कहा कि भाजपा का पूरा तंत्र आज देश को गुमराह करने में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल 2026 को जारी किए गए नोटिफिकेशन को भी भाजपा ने एक बड़े प्रचार अभियान का हिस्सा बना दिया, जिससे यह भ्रम पैदा किया जा सके कि महिला आरक्षण लागू हो चुका है, जबकि ज़मीनी हकीकत यह है कि महिलाओं को अभी तक वास्तविक प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सरकार की नीयत साफ है तो वर्तमान लोकसभा सीटों के भीतर ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता क्यों नहीं निकाला गया? उन्होंने कहा कि भाजपा जानती है कि जैसे ही महिलाओं को वास्तविक प्रतिनिधित्व मिलेगा, उसकी राजनीति की जमीन खिसक जाएगी, इसलिए वह जानबूझकर इस मुद्दे को लटकाए हुए है। माहरा ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह लोकतंत्र की मूल भावना के साथ खिलवाड़ कर रही है और महिलाओं के नाम पर केवल “राजनीतिक ड्रामा” कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। अंत में उन्होंने देश की जनता से अपील की कि वे भाजपा के इस झूठे प्रचार और भ्रम की राजनीति को समझें, सच को पहचानें और उन ताकतों के खिलाफ आवाज उठाएं जो महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को केवल चुनावी मुद्दा बनाकर इस्तेमाल कर रही हैं।