30 April 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

देहरादून में मुठभेड़, एक बदमाश ढेर, थाना प्रभारी ज़ख़्मी

देहरादून में मुठभेड़, एक बदमाश ढेर, थाना प्रभारी ज़ख़्मी

देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में बीती रात लूट की वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना में एक बदमाश की मौत हो गई, जबकि थाना प्रभारी समेत दो लोग घायल हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29/30 अप्रैल 2026 की रात थाना प्रेमनगर को कंट्रोल रूम/एमडीटी के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया है और उसे गोली मार दी है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया। उसने पुलिस को बताया कि कुछ बदमाश काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार थे। बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे करीब दो लाख रुपये, एक मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, आईडी और अन्य दस्तावेजों से भरा नीले रंग का बैग लूट लिया और उसे गोली मारकर विश्रांति की दिशा में फरार हो गए।

See also  हरिद्वार कुंभ की तैयारियों को मुख्य सचिव की समीक्षा बैठक

पुलिस ने घायल को प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद बताए गए मार्ग पर बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जंगल क्षेत्र में संदिग्ध कार दिखाई दी। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भाग गए।

जवाबी कार्रवाई के दौरान एक गोली प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर नरेश राठौर को लग गई। आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और प्रभारी निरीक्षक को उपचार के लिए पहले प्रेमनगर चिकित्सालय और बाद में हायर सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान घायल बदमाश की कोरोनेशन अस्पताल में मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। पूरे जनपद में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। फरार बदमाशों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई और पूछताछ की जा रही है।