प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जनसुनवाई दिवस की अध्यक्षता आज अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह द्वारा की गई। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने सड़क, शिक्षा, पेयजल, गैस वितरण, राजस्व, उत्पीड़न एवं विकास कार्यों से संबंधित शिकायतें एवं समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। अपर जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान जिला मुख्यालय सिनेमा लाइन निवासी एक विधवा महिला द्वारा उनके परिवार पर भूमि विवाद, मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न, सीवर कनेक्शन विवाद तथा वोटर लिस्ट से नाम हटवाने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। महिला ने बताया कि लगातार हो रहे उत्पीड़न के कारण उनका परिवार भय और तनाव में जीवन यापन कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत को तत्काल पंजीकृत कर संबंधित विभागों को जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में राजकीय इंटर कॉलेज लुमती की मूलभूत समस्याओं को लेकर भी मामला प्रस्तुत किया गया। जिसमें अतिरिक्त कक्ष निर्माण, जर्जर भवनों की मरम्मत, विज्ञान वर्ग संचालन, प्रयोगशाला व्यवस्था, चारदीवारी निर्माण एवं खेल मैदान सुधार की मांग की गई। बताया गया कि विद्यालय में इंटर स्तर की कक्षाएं संचालित होने के बावजूद पर्याप्त संसाधनों का अभाव बना हुआ है।
गोगना-सल्ला मोटर मार्ग अंतर्गत कुसानी क्षेत्र में पिछले चार वर्षों से बदहाल सड़क की स्थिति को लेकर क्षेत्रवासियों ने शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने बताया कि भू-स्खलन एवं मलबे के कारण सड़क अत्यंत जोखिमपूर्ण हो गई है तथा लगभग दो दर्जन गांवों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। मामले में लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में नरेन्द्र प्रसाद द्वारा भी प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर जुलाई 2025 से लंबित वेतन/मानदेय भुगतान की समस्या उठाई गई। उन्होंने बताया कि कार्य प्रबंधन ठेकेदार से जल संस्थान के पास हस्तांतरित होने के बाद से भुगतान नहीं हो पाया है। इस पर संबंधित विभाग को प्रकरण का निस्तारण करने को कहा गया।
ग्राम जाख क्षेत्र से प्राप्त शिकायत में बस स्टेशन के समीप गिरी हुई दीवार तथा जाख-मेलडुगरी मार्ग पर क्षतिग्रस्त स्कबर (नाली) की मरम्मत की मांग की गई। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दौरान आसपास रहने वाले परिवारों को खतरा बना हुआ है। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को प्राथमिकता के आधार पर निरीक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कनालीछीना क्षेत्र के ग्रामीणों ने पिछले दो माह से गैस वितरण न होने की समस्या उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि फरवरी माह के बाद गैस वाहन क्षेत्र में नहीं पहुंचा है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा संबंधित गैस एजेंसी एवं विभाग को आवश्यक निर्देश जारी करने की बात कही गई।
इसके अतिरिक्त बरम कनार मोटर मार्ग, मेतली मोटर मार्ग एवं मल्ला लुमती मोटर मार्ग के भूमि हस्तांतरण, पेड़ों की गणना एवं समरेखण कार्यों में तेजी लाने की मांग भी जनसुनवाई में उठाई गई। ग्रामीणों ने कहा कि सर्वे कार्य पूर्ण होने के बावजूद भूमि हस्तांतरण लंबित होने से सड़क निर्माण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। ग्राम पंचायत सेल अंतर्गत सल्याड़ी क्षेत्र में सड़क वॉश आउट होने, सल्ला-रौतगढ़ मार्ग पर मलबा हटाने तथा सड़क बाधित होने के कारण प्रभावित परिवारों के विस्थापन संबंधी शिकायतें भी सामने आईं। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क बाधित होने से कई परिवारों को अस्थायी रूप से अन्य स्थानों पर शरण लेनी पड़ रही है। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है तथा प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके उपरान्त अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने जनसुनवाई के उपरांत विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए सीएम हेल्पलाइन 1905 में लंबित शिकायतों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एल-1 स्तर पर लंबित शिकायतों एवं 36 दिनों से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में अनावश्यक विलंब कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा सभी विभाग समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

More Stories
ऑपरेशन सिंदूर का एक साल, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम धामी
आपदा प्रबंधन को लेकर मदन कौशिक ने दिए निर्देश
पिथौरागढ़ की इंद्रा देवी ने पेश की आत्मनिर्भरता की मिसाल