2 June 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

चमोली में मानसून सीजन की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक

चमोली में मानसून सीजन की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक

मानसून सीजन एवं चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुचारु बनाए रखने हेतु विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मानसून प्रारंभ होने से पूर्व सभी विभाग अपनी तैयारियां पूर्ण कर लें, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत एवं व्यवस्थित बनाए जाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर स्थित सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध रहे, जिससे यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

See also  सांसद त्रिवेंद्र रावत ने सुना पीएम मोदी का मन की बात कार्यक्रम, कहा करोड़ों लोगों में होता है सकारात्मक ऊर्जा का संचार

उन्होंने पुलिस विभाग एवं एआरटीओ को यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि पीपलकोटी, हाथीपहाड़ सहित अन्य संवेदनशील स्थलों पर अनाधिकृत पार्किंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण लगाने तथा बाइक सवार यात्रियों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तेज गति एवं यातायात नियमों का उल्लंघन दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनता है, इसलिए ऐसे मामलों में नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से बाइकर्स की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

See also  SIR को लेकर पिथौरागढ़ में तैयारी तेज, डीएम ने बताया पूरा प्लान

बैठक में होटल, रेस्टोरेंट एवं ढाबों में रेट लिस्ट प्रदर्शित करने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच हेतु नियमित सैंपलिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने श्री बद्रीनाथ धाम एवं पैदल यात्रा मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल देते हुए शौचालयों की नियमित सफाई एवं पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी, यात्रा मजिस्ट्रेट श्री बद्रीनाथ तीरथ पाल सिंह, अपरज़िलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।