3 July 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

डीएम पिथौरागढ़ ने ली सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की बैठक

डीएम पिथौरागढ़ ने ली सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की बैठक

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) कार्यों एवं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनपद के सभी नगर निकायों एवं संबंधित विभागों द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत किए जा रहे कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने ट्रेंचिंग ग्राउंड, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, स्रोत स्तर पर चार प्रकार के कचरा पृथक्करण (Four Stream Segregation), बल्क वेस्ट जनरेटर (BWGs) का पंजीकरण, आरआरआर (Reduce-Reuse-Recycle) सेंटरों की स्थापना, लीगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण, कचरा संवेदनशील स्थलों (Garbage Vulnerable Points) के सुधार, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, नगर निकायों में स्वच्छता समितियों के गठन तथा स्वच्छता से संबंधित अन्य बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी नगर निकाय ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण को शत-प्रतिशत लागू करें। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए तथा नागरिकों को कचरा पृथक्करण एवं स्वच्छता के प्रति निरंतर जागरूक किया जाए।

See also  नंदा देवी राजजात यात्रा को सफल बनाने के लिए चमोली में समीक्षा बैठक

उन्होंने नगर निकायों को निर्देशित किया कि लीगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण, आरआरआर सेंटरों के विस्तार, प्लास्टिक अपशिष्ट के प्रभावी प्रबंधन तथा पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन करें।

बैठक में नगर निगम पिथौरागढ़, नगर पालिका परिषद धारचूला, डीडीहाट, गंगोलीहाट, बेरीनाग तथा नगर पंचायत मुनस्यारी द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों, उपलब्धियों एवं प्रगति का प्रस्तुतीकरण किया गया। साथ ही विभिन्न निकायों में स्वच्छता अभियान, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, आरआरआर सेंटर, कचरा संग्रहण, जागरूकता कार्यक्रम तथा वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित गतिविधियों की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के समस्त शासकीय कार्यालयों में अनिवार्य रूप से चार प्रकार के कचरा पृथक्करण हेतु चार-चार डस्टबिन स्थापित किए जाएं। इसके साथ ही सभी नगर निकाय टैक्सी स्टैंडों, प्रमुख पर्यटन स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी चार रंगों के डस्टबिन स्थापित कर स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पर्यटकों एवं आमजन को स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाए जाएं।

See also  चमोली में आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रिल

बैठक में जिलाधिकारी ने जिला पंचायत को सीमांत क्षेत्र गूंजी में एक लघु मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) सेंटर स्थापित किए जाने हेतु शीघ्र विस्तृत प्राक्कलन (Estimate) तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि वहां उत्पन्न होने वाले ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद बेरीनाग को ट्रेंचिंग ग्राउंड की स्थापना के लिए एक सप्ताह के भीतर उपयुक्त भूमि का चयन कर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों विशेषकर गूंजी एवं मुनस्यारी में स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संबंधी जनजागरूकता के लिए आकर्षक साइनेज बोर्ड स्थापित किए जाएं। इन बोर्डों के माध्यम से पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों को चार प्रकार के कचरा पृथक्करण (4-Way Segregation), सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध तथा स्वच्छता संबंधी संदेशों से जागरूक किया जाए।

See also  डीएम पिथौरागढ़ ने लिया दिल्ली बैंड, मुन्ना बैंड और चुपकोट बैंड का जायजा, मानसून में रूट सुचारू रखने के लिए जरूरी कदम उठाने के लिए निर्देश

उन्होंने नगर निकायों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गूंजी, मुनस्यारी तथा आसपास के क्षेत्रों में संचालित सभी होटल, होम-स्टे, रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में चार प्रकार के कचरा पृथक्करण (4-Way Segregation) की व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू कराई जाए। साथ ही सभी प्रतिष्ठानों को पृथक-पृथक डस्टबिन उपलब्ध कराने, के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करते हुए जनपद को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं।

बैठक में सीडीओ डॉ0 दीपक सैनी, एडीएम योगेन्द्र सिंह, सहायक नगर आयुक्त नगर निगम राजदेव जायसी साहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।