9 August 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

पिथौरागढ़ में जारा जिबली के लोगों का आमरण अनशन खत्म, सीएम धामी ने वीडियो कॉल पर दिया मांग पूरी करने का भरोसा

पिथौरागढ़ में जारा जिबली के लोगों का आमरण अनशन खत्म, सीएम धामी ने वीडियो कॉल पर दिया मांग पूरी करने का भरोसा

पिथौरागढ़ के जारा जिबली क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा अपनी मांगों को लेकर अधिसूचित धरना स्थल पिथौरागढ़ पर पिछले पांच दिनों से किए जा रहे अनशन का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं संज्ञान लिया।

मुख्यमंत्री ने आज सवेरे आंदोलनरत ग्रामीणों से वीडियो कॉल के माध्यम से वार्ता कर उनकी समस्याओं एवं मांगों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग के संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद आंदोलनरत ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

मुख्यमंत्री के आश्वासन एवं जिला प्रशासन द्वारा दिए गए भरोसे के बाद जारा जिबली के ग्रामीणों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं उनकी समस्या का संज्ञान लेने तथा वर्चुअल माध्यम से संवाद कर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिए जाने पर उनका आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री द्वारा लिये गए संज्ञान के बाद उनकी मांग पर शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही होगी।

See also  वन भूमि हस्तांतरण को लेकर डीएम पौड़ी ने की समीक्षा बैठक

जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की मांग एवं समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्हें आश्वस्त किया गया कि उनकी मांग को संबंधित विभाग एवं शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से रखा गया है। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री के आश्वासन एवं जिला प्रशासन के भरोसे के पश्चात ग्रामीणों द्वारा शांतिपूर्ण ढंग से अनशन समाप्त किए जाने से क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बना है। इस दौरान अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, आंदोलनकारी जगदीश धामी, रूप सिंह धामी, रमेश सिंह धामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

See also  केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने उत्तराखंड में चल रही योजनाओं की तारीफ की