10 September 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

सूर्यकांत धस्माना का बीजेपी पर हमला, कार्यसमिति की बैठक में आंखों में धूल झोंकने वाला प्रस्ताव पास करने‌ का लगाया आरोप

सूर्यकांत धस्माना का बीजेपी पर हमला, कार्यसमिति की बैठक में आंखों में धूल झोंकने वाला प्रस्ताव पास करने‌ का लगाया आरोप

भारतीय जनता पार्टी की हल्द्वानी में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पारित प्रस्तावों पर पलटवार करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा के विकास, सुशासन और सामाजिक समरसता के एजेंडे को जनता की आंखों में धूल झोंकने वाला नकली एजेंडा करार दिया।

आज कोटद्वार में बद्रीनाथ रोड स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए धस्माना ने कहा कि भाजपा जो कहती है, ठीक उसके विपरीत आचरण करती है।

सूर्यकांत धस्माना का बीजेपी पर हमला, कार्यसमिति की बैठक में आंखों में धूल झोंकने वाला प्रस्ताव पास करने‌ का लगाया आरोप

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले 10 वर्षों से भाजपा की सरकार है और विकास के हर पैमाने पर प्रदेश की गति नकारात्मक है। प्रदेश के सबसे संपन्न और सर्वाधिक कनेक्टिविटी वाले जिले हरिद्वार में सरकार अपने ही पैसे से बना सरकारी मेडिकल कॉलेज नहीं चला पाई और उसे पीपीपी मोड पर निजी हाथों में सौंप दिया, जिसमें बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ। यह सरकार की विकास-दृष्टि और क्षमता का सबसे बड़ा नमूना है।

See also  नितिन नबीन ने दिया बीजेपी नेताओं को जीत का मंत्र

सुशासन के दावे पर हमला करते हुए श्री धस्माना ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसा, बलात्कार, दुराचार और हत्या के मामलों में उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में पहले पायदान पर है। राजधानी देहरादून में हत्या, लूट, डकैती रोज की बात हो गई है। ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त है और मैदान से लेकर पहाड़ तक सड़कों-पुलों का बुरा हाल है।

सामाजिक समरसता पर उन्होंने कहा कि जब भाजपा समरसता की बात करती है तो “बगुला भगत और घड़ियाली आंसू” की कहावत चरितार्थ होती है। पिछले महीने ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी की रैली के बाद हल्द्वानी रामलीला मैदान के शुद्धिकरण का प्रकरण पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रदेश सरकार रोजाना मस्जिद-मजार-मदरसे का राग अलाप कर धार्मिक ध्रुवीकरण करती है और फिर समरसता की बात करती है, यह दुनिया का सबसे बड़ा मजाक है। इससे पता चलता है कि भाजपा जनता को मूर्ख समझती है।

See also  BJP की कार्यसमिति की बैठक के पहले सत्र में अहम प्रस्ताव पर अनुमोदन

धस्माना ने कहा कि जंतर-मंतर पर Gen-Z आंदोलन और देश भर में राहुल गांधी के “छात्रों की गूंज” कार्यक्रमों में उमड़ रही भीड़ से भाजपा नेतृत्व में बेचैनी और बौखलाहट है, इसलिए वह राहुल गांधी और कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए धार्मिक व जातीय ध्रुवीकरण की कोशिश कर रही है, जिसका नमूना हल्द्वानी शुद्धिकरण प्रकरण है।

उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में सड़कों-पुलों और राजमार्गों का बुरा हाल है, लेकिन गढ़वाल के कोटद्वार, लैंसडौन और यमकेश्वर में जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़कों की स्थिति और भी बदतर है। लैंसडौन में जंगली जानवरों के हमलों से जनता हलकान है।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कोटद्वार की जनता पूर्व मंत्री श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी जी को और उनके द्वारा कराए गए विकास कार्यों को याद कर रही है।

See also  दुष्यंत कुमार गौतम ने मिटाया माथे का तिलक, कांग्रेस ने किया तीखा प्रहार, सनातन परंपरा के अपमान का लगाया आरोप

धस्माना ने कहा कि भाजपा नेतृत्व को थोड़ा और इंतजार करना चाहिए, आने वाले दिनों में श्रीमती प्रियंका गांधी जी सहित कांग्रेस के कई प्रमुख नेताओं के दौरे और कार्यक्रम प्रदेश में आयोजित होंगे।

प्रेस वार्ता में महानगर अध्यक्ष श्रीमती मीना बर्छवान, पूर्व अध्यक्ष संजय मित्तल, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. खरखवाल, गुड्डू चौहान, प्रदेश सचिव विजय रावत, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अंकुश घिल्डियाल, हिमांशु बहुखंडी, पूर्व महासचिव शुभम सुयाल, अमित राज सिंह, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मनदीप सिंह, सुरेन्द्र गुसाईं, प्रवीण जोशी, राजीव कपूर, पार्षद सूरज कांति, पार्षद नईम अहमद आदि उपस्थित रहे।