26 November 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

28 नवंबर को उत्तराखंड के सभी जिलों में होगी मॉक ड्रिल

28 नवंबर को उत्तराखंड के सभी जिलों में होगी मॉक ड्रिल

सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को मनाए जाने वाले राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के तहत राज्य में व्यापक स्तर पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों के क्रम में राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया।

इसके साथ ही आपदा प्रबंधन दिवस का शुभारंभ हो गया है। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में आयोजित टेबल टॉप एक्सरसाइज की अध्यक्षता सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने की।28 नवंबर को उत्तराखंड के सभी जिलों में होगी मॉक ड्रिल

टेबल टॉप एक्सरसाइज में राज्य के सभी 13 जनपदों के अधिकारियों एवं संबंधित विभागों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न संभावित आपदा परिदृश्यों को सामने रखते हुए जनपदों की पूर्व तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया, विभागीय समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता, आपातकालीन संचार व्यवस्था, राहत एवं बचाव की कार्ययोजना तथा कमांड एवं नियंत्रण व्यवस्था का परीक्षण किया गया।

अभ्यास के दौरान अधिकारियों को अलग-अलग आपदा परिस्थितियां दी गईं और उनसे यह जाना गया कि ऐसी स्थिति में सूचना प्राप्त होने से लेकर घटनास्थल पर राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, प्रभावित लोगों की सुरक्षित निकासी, घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, राहत सामग्री पहुंचाने तथा आवश्यकतानुसार अन्य एजेंसियों को सक्रिय करने के लिए किस प्रकार की कार्ययोजना अपनाई जाएगी।

See also  मोरी के पवाणी गांव में हुए अग्निकांड पर सीएम धामी ने दुख जताया

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि टेबल टॉप एक्सरसाइज का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि वास्तविक आपदा की स्थिति में हमारी प्रतिक्रिया व्यवस्था कितनी तत्पर और प्रभावी है, इसका आकलन करना है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय कुछ मिनटों का समय भी महत्वपूर्ण होता है। इसलिए प्रत्येक जनपद में यह स्पष्ट होना आवश्यक है कि सूचना प्राप्त होने के बाद कौन-सी एजेंसी क्या कार्रवाई करेगी, संसाधन कहां से जुटाए जाएंगे, संचार कैसे स्थापित होगा और घटनास्थल पर कमांड एवं नियंत्रण किस प्रकार संचालित किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान ने हमें सिखाया है कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मजबूत समन्वय, स्पष्ट भूमिका, विशेषज्ञता, त्वरित निर्णय और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग जीवन बचाने में निर्णायक भूमिका निभाता है। इसी सीख को राज्य की आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था में और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से टेबल टॉप एक्सरसाइज एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है।

See also  बैणी-भुली योजना को कांग्रेस ने बताया ठगने की स्कीम

इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, जया बलूनी,  राजीव बलूनी डिप्टी कमांडेंट जनरल, एसके राणा, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, दिनेश कुमार पुनेठा सहित विभिन्न विभागों एवं जनपदों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सचिव आपदा प्रबंधन ने बताया कि 28 नवंबर को राज्य के सभी 13 जनपदों में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह मॉक ड्रिल राज्य स्तर से लेकर तहसील एवं स्थानीय स्तर तक व्यापक रूप से आयोजित होगी तथा लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ विभिन्न आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों का अभ्यास किया जाएगा।

मॉक ड्रिल के दौरान राहत शिविरों की स्थापना एवं संचालन का भी अभ्यास किया जाएगा। मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों द्वारा आधुनिक उपकरणों, खोज एवं बचाव संसाधनों, संचार प्रणालियों तथा आपदा प्रतिक्रिया वाहनों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग अपने संसाधनों एवं उपकरणों का प्रदर्शन करेंगे तथा उनके संचालन का अभ्यास किया जाएगा।

See also  धर्मपुर विधानसभा में टिकट को लेकर हलचल, स्थानीय कार्यकर्ता को ही मौका देने की उठी मांग

आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर राज्य के सरकारी कार्यालयों में भी आपदा सुरक्षा की समीक्षा की जा रही है। इसी प्रकार विद्यालयों में भी आपदा सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल, जागरूकता कार्यक्रम तथा वाद-विवाद, निबंध, पोस्टर, स्लोगन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। विकासखंड स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय समुदाय के साथ बैठकें, जागरूकता रैलियां, जनसंपर्क अभियान और नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।