29 November 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

महिला आरक्षण, लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी और निर्णय क्षमता को संस्थागत स्वरूप देगा : रुचि भट्ट

महिला आरक्षण, लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी और निर्णय क्षमता को संस्थागत स्वरूप देगा : रुचि भट्ट

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने आज आयोजित प्रेस वार्ता में महिला सशक्तिकरण, महिला नेतृत्व और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी सदैव शक्ति, सृजन, सामर्थ्य और नेतृत्व का प्रतीक रही है। वैदिक काल की विदुषी गार्गी और मैत्रेयी से लेकर रानी दुर्गावती, रानी लक्ष्मीबाई और अहिल्याबाई होल्कर तक भारतीय इतिहास महिलाओं के अदम्य साहस और नेतृत्व क्षमता का साक्षी रहा है।

भट्ट ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल महिलाओं को सुविधाएं और योजनाओं का लाभ देना नहीं, बल्कि उन्हें निर्णय लेने का अधिकार और नेतृत्व के समान अवसर उपलब्ध कराना है। महिलाओं को विकास का लाभार्थी भर नहीं, बल्कि विकास का भागीदार और नेतृत्वकर्ता बनाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जब महिलाएं परिवार, समाज, अर्थव्यवस्था और राजनीति के प्रत्येक स्तर पर निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगी, तभी महिला सशक्तिकरण का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा।महिला आरक्षण, लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी और निर्णय क्षमता को संस्थागत स्वरूप देगा : रुचि भट्ट

See also  SSR को‌ लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी की राजनीतिक दलों के साथ बैठक

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में वर्ष 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारतीय लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक संवैधानिक पहल है। यह केवल राजनीतिक आरक्षण का विषय नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी को नीति निर्माण और राष्ट्र के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में उचित स्थान देने का प्रयास है। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी लोकतंत्र को अधिक समावेशी, संवेदनशील और प्रतिनिधिक बनाएगी।

मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने महिला सशक्तिकरण की अवधारणा को महिला नेतृत्व और महिला आधारित विकास के व्यापक दृष्टिकोण में परिवर्तित किया है। आज महिलाएं स्वयं सहायता समूहों, उद्यमिता, कृषि, विज्ञान, तकनीक, प्रशासन, सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं। महिला आरक्षण इसी परिवर्तन को राजनीतिक और संवैधानिक स्तर पर आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

See also  आरटीओ कार्यालय के नाम पर फर्जीवाड़ा कर रहे गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार, एसटीएफ ने की कार्रवाई

भट्ट ने कहा कि महिला आरक्षण सामाजिक न्याय और समावेशी लोकतंत्र को भी मजबूती प्रदान करेगा। अनुसूचित जाति, जनजाति, ग्रामीण एवं वंचित वर्गों की महिलाओं को भी नेतृत्व के अवसर मिलना आवश्यक है। महिला नेतृत्व का अर्थ केवल संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाना भी है। बेटियों को अवसर, महिलाओं को सम्मान और नेतृत्व के लिए समान मंच उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण किसी एक राजनीतिक दल का एजेंडा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आवश्यकता है। महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रीय सहमति बननी चाहिए। देश की करोड़ों महिलाओं को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि नेतृत्व के वास्तविक अवसर मिलने चाहिए।

भट्ट ने कहा कि नारी का सम्मान भारतीय संस्कृति का संस्कार है और नारी का नेतृत्व विकसित भारत का आधार है। जब आधी आबादी निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनेगी, तभी भारतीय लोकतंत्र अपनी वास्तविक शक्ति प्राप्त करेगा। आज आवश्यकता है कि महिलाओं की नेतृत्व क्षमता पर संदेह करने वाली मानसिकता को समाप्त कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में समान अवसर और सम्मानजनक स्थान दिया जाए।

See also  रिखणीखाल हादसे में मुआवजे का ऐलान

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महिलाओं की सक्रिय राजनीतिक भागीदारी विकसित भारत के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करेगी और आने वाली पीढ़ियों की बेटियों के लिए नेतृत्व एवं आत्मविश्वास के नए द्वार खोलेगी।