20 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

धस्माना ने बीजेपी को जमकर धोया

धस्माना ने बीजेपी को जमकर धोया

उत्तराखंड में आज आम जनमानस अपने जल जंगल जमीन के अस्तित्व पर मंडरा रहे खतरे को लेकर जिस प्रकार से सशंकित है और सड़कों पर उतर आया है उसके लिए पूरी तरह से राज्य की भाजपा सरकार और धामी सरकार जिम्मेदार है और अब लोगों के आक्रोश को देख कर भाजपा लोगों को अनाप शनाप बयान दे कर व समितियों का गठन कर जनता को गुमराह कर रही है यह बात आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने अपने कैम्प कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता के लिए सबसे मुफीद भू कानून 2002 में कांग्रेस की एनडी तिवारी सरकार द्वारा बनाया गया था जिसमें राज्य से बाहर के लोगों के लिए आवासीय उपयोग के लिए 500 वर्ग मीटर भूमि क्रय करने की सीलिंग लगाई गई थी जिसे बाद में 2007 में बीसी खंडूरी सरकार ने 250 वर्ग मीटर कर दिया था। धस्माना ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने राज्य में उद्योग लगाने वाले लोगों को सशर्त भूमि देने की व्यवस्था की थी जिसमें जिस उपयोग के लिए भूमि खरीद की जाएगी अगर उसका उपयोग उसी प्रयोजन के लिए नहीं किया जाय तो वह भूमि राज्य सरकार में निहित हो जाएगी व लगाए गए उद्योग में 70 प्रतिशत रोजगार स्थानीय बेरोजगारों को मिलेगा ऐसी व्यवस्था की गई थी।

See also  देहरादून में हुआ मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का समापन

त्रिवेंद्र और धामी पर निशाना

धस्माना ने कहा कि 2017 के बाद त्रिवेंद्र सरकार ने इस भू कानून को आंशिक नुकसान पहुंचाया जब उन्होंने औद्योगिक व व्यवसायिक उपयोग के लिए कृषि भूमि की खरीद के लिए सरकार की अनुमति की आवश्यकता को समाप्त किया व 2021 में धामी सरकार ने रही सही कसर समाप्त करते हुए उस प्रावाधान को भी समाप्त कर दिया जिसमें यह व्यवस्था थी कि जिस उपयोग के लिए भूमि खरीदी गई है अगर उसका उपयोग उस प्रयोजन के लिए नहीं किया गया तो वह राज्य सरकार में निहित हो जाएगी । धस्माना ने कहा कि इतना बड़ा पाप करने के बाद आज बेशर्मी से भाजपा नेता कह रहे हैं कि वे राज्य में सख्त भू कानून के पक्ष में हों और इस पर भी तुर्रा यह कि सरकार अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समिति बनाने का ढोंग कर रही है जो केवल जनता को गुमराह करने के लिए है। धस्माना ने कहा कि अगर सख्त भू कानून के पक्ष में भाजपा है तो सबसे पहले वह 2002 के तिवारी सरकार के भू कानून में किये गए संशोधनों को तत्काल समाप्त करे। श्री धस्माना ने कहा कि अब उत्तराखंड की जनता धीरे धीरे भाजपा के असली चेहरे को पहचान रही है और उसका प्रमाण आज देहरादून में आयोजित सामाजिक व गैर भाजपा राजनैतिक दलों द्वारा समर्थित जनता रैली है जिसमें स्वतः स्फूर्त हज़ारों लोग जुटे। धस्माना ने कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड के लोगों के हक़ हकूकों को सख्त भू कानून बना कर सुरक्षित रखने के पक्ष में हमेशा थी और आज भी है।