20 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

टीवी 100 की ‘ख़ास मुलाकात’ खामोश हो गई

टीवी 100 की ‘ख़ास मुलाकात’ खामोश हो गई

उत्तराखंड के प्रमुख न्यूज़ चैनल टीवी 100 के प्रधान संपादक कुलीन गुप्ता का निधन हो गया। हार्ट अटैक के बाद ब्रेन हेमरेज की वजह से वो बीते दो हफ्ते से एक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती थे और ब्रेन हेमरेज के बाद आईसीयू में थे। आज सुबह उन्होंने अंतिम‌ सांस ली। कुलीन गुप्ता के असमय और दुखद निधन से उत्तराखंड के मीडिया जगत, परिवार और रिश्तेदारों में शोक की लहर है। मिलनसार स्वभाव, आकर्षक व्यक्तित्व वाले विनम्र व्यक्ति कुलीन गुप्ता को उत्तराखंड के अंदरूनी इलाकों में अपने समाचार चैनल का विस्तार करने का शौक था, जो स्थानीय मुद्दों और लोगों की शिकायतों को उठाने वाले एक सच्चे क्षेत्रीय चैनल के रूप में राज्य की जनता के बीच लोकप्रिय था। चैनल का स्टूडियो नोएडा सेक्टर 6 में है। कुलीन गुप्ता अपने काम के प्रति कितने समर्पित और लगनशील से इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चैनल के मालिक होने के बावजूद वो खुद फील्ड में उतरकर रिपोर्टिंग करते थे, हर छोटी ख़बर पर माइक लेकर वो फील्ड रिपोर्टिंग के लिए हमेशा तैयार रहते थे। दफ्तर का स्टाफ हो या फील्ड के सहयोग सबके साथ उनका परिवार जैसा संबंध था। अपनी टीम के सुख और दुख में साथ खड़े रहने वाले कुलीन गुप्ता की कार्यशैली मीडिया जगत के दूसरे संपादकों से बेहद अलग थी। बहुत शालीनता के साथ सबसे बात करते, खुद भी मेहनत करते औल मेहनती लोगों को हमेशा तरजीह देते। कुलीन गुप्ता में खुद सीखने की ललक थी और जहां भी मौका मिला उन्होंने उस चीज को सीखा और खुद को साबित किया।

See also  अग्निवीर स्कीम की खामियां बता रही कांग्रेस, विरोध यात्रा का तीसरा चरण शुरू

ख़ास मुलाकात कार्यक्रम था उनकी पहचान

कुलीन गुप्ता खुद बड़े नेताओं का इंटरव्यू करते थे जिस शो का नाम ख़ास मुलाकात था। अपने शो को लेकर वो बेहद संजीदा रहते थे और वक्त के बेहद पाबंद भी। इंटरव्यू के लिए तैयारी ठीक वैसे ही करते थे जैसे कोई स्टूडेंट अपनी परीक्षा के लिए करता है। हर सवाल को परखना, तथ्यों को खोजना, सामने वाले से क्या ख़बर निकलवानी है ये सब उन्होंने ख़ास मुलाकात के जरिये ही किया। उनकी सबसे अच्छी बात यही थी कि वो जिसका भी इंटरव्यू करते उसे बोलने की पूरी आज़ादी देते जो आज की मीडिया में कहीं नहीं दिखाई देता। कुलीन गुप्ता सिर्फ एक नाम नहीं बल्कि टीवी 100 का ब्रांड थे। उनका जाना एक ऐसा खालीपन छोड़ गया है जिसकी भरपाई कभी नहीं होरी सकती। टीवी 100 के जरिये उत्तराखंड की जनता की कई समस्याओं को सरकार और सिस्टम तक लाने में कुलीन गुप्ता का बड़ा योगदान रहा है। कुलीन गुप्ता ने कई ऐसे प्रयोग किए जिन्हें आज कई बड़े संस्थान फॉलो कर रहे हैं। अच्छे और सच्चे इंसान के साथ वो विजनरी भी थे।