24 April 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

टिहरी में कांग्रेस सबको चौंका देगी?

टिहरी में कांग्रेस सबको चौंका देगी?

उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव की हलचल के बीच कांग्रेस अपने उम्मीदवारों के ऐलान से सबको चौंका सकती है। बड़े नेताओं की ना नुकुर और चुनाव लड़ने से पीछे हटने की कवायद के बीच पार्टी संगठन कुछ ऐसे चेहरों पर विचार मंथन कर रहा है जो ना सिर्फ बीजेपी को चुनौती दे सकते हैं बल्कि जीत भी दर्ज कर सकते हैं। चकराता से विधायक और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह लगातार चुनाव लड़ने से इनकार कर रहे हैं। प्रीतम सिंह ने कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा से भी अपने मन की बात कह दी है और साफ कर दिया है कि मौजूदा हालात में वो लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। हालांकि पार्टी स्तर पर उन्हें मनाने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद भी प्रीतम नहीं माने तो कांग्रेस अपनी अगली रणनीति पर काम करेगी।

See also  आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक की बैठक

टिकट की रेस में युवा बॉबी पंवार

सूत्रों के मुताबिक टिहरी सीट से दावेदारों की लिस्ट में अब बॉबी पंवार का नाम भी शामिल हो गया और कांग्रेस इस पर गंभीरता से मंथन भी कर रही है। बॉबी पंवार बेरोजगार संगठन के अध्यक्ष हैं और युवाओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ है। साथ ही बीजेपी सरकार के खिलाफ बॉबी पंवार मुखर होकर बोलते हैं। ऐसे में उनकी लोकप्रियता को आधार बनाकर कांग्रेस उन्हें टिहरी से चुनाव मैदान में उतार सकती है। सूत्रों का दावा है कि पार्टी के अंदर कुछ बड़े नेताओं ने भी इस पर सहमति जताई है और कुछ नेताओं ने तो बॉबी के नाम का सुझाव भी दिया है। हालांकि अभी तक ये तय नहीं है कि पूरी कांग्रेस इस पर सहमत होगी या नहीं। मगर जिस तरह प्रीतम सिंह चुनाव से पीछे हट रहे हैं और बार बार इनकार कर रहे हैं ऐसे में कांग्रेस विकल्प के तौर पर बॉबी पंवार के नाम पर मंथन कर रही है। अगले कुछ दिनों में कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक भी होनी है जिसमें आगे की चर्चा होगी। फिलहाल निगाहें इसी बात पर हैं कि क्या प्रीतम सिंह नहीं माने तो टिहरी लोकसभा सीट से बॉबी पंवार को कांग्रेस उम्मीदवार बनाएगी? सवाल ये भी है कि क्या प्रीतम कैंप इस पर मंजूर होगा? बहरहाल बॉबी पंवार का नाम दावेदारी में आना कांग्रेस की नई सियासी रणनीति कि हिस्सा है आगे क्या होगा, खुद बॉबी पंवार इसके लिए तैयार होंगे या नहीं इसे लेकर भी सस्पेंस है लेकिन सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस अपने स्तर पर बॉबी को लेकर गंभीरता से काम कर रही है।