14 August 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

हरिद्वार और पौड़ी से बीजेपी उम्मीदवार तय!

हरिद्वार और पौड़ी से बीजेपी उम्मीदवार तय!

उत्तराखंड में बीजेपी ने हरिद्वार और पौड़ी लोकसभा सीटों पर भी अपने कैंडिडेट तय कर लिए हैं, इंतजार औपचारिक ऐलान का है। हाल फिलहाल जिस तरह के संकेत मिले हैं उससे साफ है कि बीजेपी ने त्रिवेंद्र रावत को हरिद्वार से चुनाव लड़ाने की तैयारी कर ली है। त्रिवेंद्र रावत बीते कुछ दिनों से हरिद्वार में सक्रिय भी दिख रहे हैं। आज भी वो हरिद्वार में ही हैं उन्होंने उत्तराखंड बीजेपी प्रभारी दुष्यंत गौतम से हरिद्वार में मुलाकात की । इसके बाद वो पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना की ज्वाइनिंग के दौरान भी बीजेपी के बड़े नेताओं के साथ मौजूद रहे। त्रिवेंद्र रावत देहरादून की डोईवाला सीट से पूर्व विधायक रहे हैं और ये सीट हरिद्वार लोकसभा का ही हिस्सा है। ऐसे में त्रिवेंद्र को टिकट दिए जाने के पूरे पूरे संकेत हैं। हालांकि बीजेपी में जब तक औपचारिक ऐलान नहीं हो जाता तब तक कुछ भी कहना मुश्किल है इसके बावजूद त्रिवेंद्र की बॉडी लैंग्वेज और उनकी राजनीतिक सक्रियता बताती है कि पार्टी की ओर से उन्हें इशारा किया जा चुका है। इससे भी बड़ा संकेत ये है कि चुनावी तैयारियों के बीच हरिद्वार के मौजूदा सांसद रमेश पोखरियाल निशंक को बीजेपी ने उत्तराखंड से बाहर भेज दिया है। निशंक संगठन के काम से तीन दिन के दौरे पर उत्तर प्रदेश भेजे गए हैं। आज निशंक संभल में हैं और वहां कल्कि धाम में दर्शन भी किए हैं। यानी निशंका को हरिद्वार से दूर भेजकर संकेत साफ है कि सिटिंग सांसद को इस बार बीजेपी मौका ना देने का मन बना चुकी है। त्रिवेंद्र रावत 2017 से मार्च 2021 तक मुख्यमंत्री रहे। 2022 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने आलाकमान को चिट्टी लिखकर चुनाव ना लड़ने की बात कही थी। अब लोकसभा चुनाव में उनकी दावेदारी है और टिकट मिलने की पूरी उम्मीद है। अब इंतजार सिर्फ इतना है कि बीजेपी औपचारिक तौर पर कब ऐलान करती है।

See also  सऊदी अरब में फंसे उत्तरकाशी के इंद्रमणि नौटियाल की घर वापसी को लेकर सीएम धामी ने की पहल, विदेश मंत्री को लिखी चिट्ठी

अनिल बलूनी पौड़ी से होंगे उम्मीदवार!

बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को पौड़ी से कैंडिडेट बनाया जा सकता है। अनिल बलूनी भले ही हाल फिलहाल खुद पौड़ी ना गए हों लेकिन उनकी सक्रियता चुनाव के लिहाज से दिखने लगी है। दो दिन पहले ही उन्होंने मोदी की गारंटी से जुड़ा एक उत्तराखंड पर आधारित गाना लॉन्च किया था इस कार्यक्रम में बीजेपी प्रभारी दुष्यंत गौतम भी मौजूद रहे। इससे पहले उन्होंने दिल्ली से ही मोदी दगड़ उत्तराखंड अभियान भी लॉन्च किया था। बतौर राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने पौड़ी लोकसभा के लिए कई काम भी किए हैं जिनका फायदा भी उन्हें मिलने के आसार हैं। पौड़ी से 2019 में तीरथ रावत चुनाव जीते थे लेकिन अब उन्हें साइड लाइन करने के संकेत मिल रहे हैं और टिकट की रेस में सबसे आगे अनिल बलूनी का ही नाम है। हालांकि दावेदार कई और भी हैं लेकिन अनिल बलूनी की दिल्ली दरबार में नजदीकी और उन्हें दोबारा राज्यसभा ना भेजना बताता है कि बीजेपी उन्हें लोकसभा के रण में उतारने का इशारा कर चुकी है। मगर जब तक औपचारिक ऐलान नहीं होता तब तक इसे सिर्फ अनुमान ही कहा जा सकता है।

See also  मदन कौशिक ने आपदा कंट्रोल रूम से जाना चमोली हादसे को अपडेट