15 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

कांग्रेस ने किया डोईवाला नगरपालिका जीतने का दावा बीजेपी पर लगाया खोखली बातें करने का आरोप

कांग्रेस ने किया डोईवाला नगरपालिका जीतने का दावा बीजेपी पर लगाया खोखली बातें करने का आरोप

कांग्रेस के निकाय चुनाव के देहरादून जिला प्रभारी प्रकाश जोशी ने कहा, डोईवाला नगर पालिका परिषद के चुनाव में कांग्रेस के अध्यक्ष एवं सभासद प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित है। कांग्रेस प्रत्याशियों को जनता का आशीर्वाद और समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा, कांग्रेस नेता और नगर पालिका परिषद की निवर्तमान अध्यक्ष सुमित्रा मनवाल के कार्यकाल में जितने विकास एवं जनहित के कार्य हुए हैं, उतने कार्य यहां भाजपा के सांसद और विधायक ने भी नहीं कराए। 

डोईवाला नगर पालिका परिषद के चुनाव के संबंध में डोईवाला में आयोजित मीडिया से वार्ता में जोशी ने कहा, नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अपने पूर्व कार्यकाल के ऐतिहासिक कार्यों की वजह से दमदार स्थिति में हैं। पालिका के पूर्व कार्यकाल में डोईवाला क्षेत्र में करोड़ों की लागत से सड़कों का निर्माण कराया है। सफाई व्यवस्था में पुरस्कार हासिल किए।

See also  उत्तराखंड निर्वाचन आयोग के साथ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक, पिथौरागढ़ से बीजेपी नेता बीरेंद्र वल्दिया भी हुए शामिल, रखी ये अहम मांग

जोशी ने कहा, कांग्रेस ने हमेशा शहीदों का सम्मान किया। डोईवाला चौक पर शहीद दुर्गामल जी की प्रतिमा की स्थापना एवं राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्य कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ। उन्होंने कहा, भाजपा में अंदरूनी कलह बढ़ गया है, जिससे भाजपा के प्रत्याशी अपनी जीत को लेकर संशय में हैं। निकाय चुनाव में भाजपा की हार तय है।

कांग्रेस परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने मीडिया से कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हमेशा जनता के हितों के लिए संघर्ष किया। विस्थापित क्षेत्र की समस्या हो या किसानों की भूमि को लेकर आंदोलन हो, कांग्रेस का हर कार्यकर्ता सदैव तैयार रहता है। उन्होंने कहा, डोईवाला में मोक्ष धाम का निर्माण कराने में पालिका परिषद की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा मनवाल की भूमिका महत्वपूर्ण रही। उनके कार्यकाल में भूमि के चयन से लेकर निर्माण तक के कार्य संपन्न हुए। डोईवाला क्षेत्र में स्वरोजगार के लिए कार्य करना तथा नशा मुक्ति अभियान को व्यापक रूप देने के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है।

See also  उत्तराखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सवाल, राज्य आंदोलनकारियों ने धामी सरकार को दिया अल्टीमेटम

नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी सागर मनवाल ने पूर्व कार्यकाल की उपलब्धियां बताईं और वादा किया कि डोईवाला में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कूड़ा ढोने वाली गाड़ियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। डोईवाला में मिनी स्टेडियम और पार्कों का निर्माण उनकी प्राथमिकता में है। पीसीसी सदस्य गौरव चौधरी ने कहा, चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशियों को भरपूर समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस नगर अध्यक्ष करतार नेगी ने कहा, स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है।

प्रेस वार्ता में देहरादून कांग्रेस प्रभारी प्रकाश जोशी,परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल,पीसीसी सदस्य गौरव चौधरी,कांग्रेस नगरपालिका अध्य्क्ष प्रत्याशी सागर मनवाल,डोईवाला कांग्रेस नगर अध्यक्ष करतार नेगी,डोईवाला गन्ना समिति अध्यक्ष मनोज नौटियाल,चुनाव संयोजक उमेद बोरा, सह सहयोजक जीतेन्द्र कुमार, राहुल सैनी,मुकेश प्रसाद,स्वतंत्र बिष्ट,तेजपाल सिंह मोंटी,सावन राठौर आदि उपस्थित रहे ।