30 March 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

उत्तरकाशी में फिताड़ी अग्निकांड पीड़ितों से मिले कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह, सरकारी तंत्र पर उठाए सवाल

उत्तरकाशी में फिताड़ी अग्निकांड पीड़ितों से मिले कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह, सरकारी तंत्र पर उठाए सवाल

उत्तरकाशी जनपद के मोरी विकासखंड के सुदूर एवं पिछड़े क्षेत्र फिताड़ी गांव में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने पूर्व कैबिनेट मंत्री व कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द सुना और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

इस दौरान प्रीतम सिंह ने कहा कि इस अग्निकांड में कई परिवारों की वर्षों पुरानी मेहनत और विरासत जलकर राख हो गई है, जो अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह इस मामले को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएंगे और पीड़ितों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास करेंगे।

See also  भारत विश्वगुरू की राह पर को लेकर गोष्ठी का आयोजन

मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने राज्य सरकार और स्थानीय विधायक पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय विधायक की मुख्यमंत्री से इतनी नजदीकियां हैं, तो घटना के तुरंत बाद मुख्यमंत्री या प्रभारी मंत्री को मौके पर पहुंचकर पीड़ितों का हाल-चाल लेना चाहिए था। इससे पीड़ितों को संबल मिलता और सरकार की संवेदनशीलता भी दिखाई देती।

उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल और मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाओं की हालत बेहद खराब है, जिससे आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने राज्य सरकार के “डबल इंजन” के विकास के दावों को फेल बताते हुए कहा कि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। इस अवसर पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष हरी मोहन नेगी, राजपाल सिंह, पूर्व प्रधान जखोल हाकम सिंह, प्रकाश चंद, गुलाब सिंह, प्रहलाद रावत, प्रीतम, भजन लाल तथा ग्राम प्रधान फिताड़ी कृष्णा राणा सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।