28 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

देहरादून में रक्षा क्षेत्र राउंड टेबल सम्मेलन का आयोजन

देहरादून में रक्षा क्षेत्र राउंड टेबल सम्मेलन का आयोजन

देहरादून में सचिव उद्योग, उत्तराखण्ड शासन विनय शंकर पाण्डेय की अध्यक्षता में रक्षा क्षेत्र राउंड टेबल सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य राज्य को रक्षा विनिर्माण निवेश के लिए एक रणनीतिक गंतव्य के रूप में स्थापित करना था।

इस सम्मेलन में रक्षा मंत्रालय के उप महानिदेशक श्री अनिल कुमार राय, iDEX की उप कार्यकम निदेशक गांगेई गवांद, डील के वैज्ञानिक वीके जायसवाल, सहित उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधियों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स तथा प्रमुख पारिस्थितिकी तंत्र भागीदारों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर सचिव उद्योग, उत्तराखण्ड शासन विनय शंकर पांडेय ने कहा कि भारत का रक्षा क्षेत्र एक निर्णायक दशक में प्रवेश कर रहा है, जो बढ़ी हुई घरेलू खरीद, रिकॉर्ड उत्पादन स्तर और उल्लेखनीय निर्यात वृद्धि से चिह्नित है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड इस राष्ट्रीय परिवर्तन के साथ सामंजस्य बिठाने के लिए सुदृढ नीतिगत समर्थन, भूमि उपलब्धता और संस्थागत सुविधा तंत्र के साथ पूर्ण रूप से तैयार है।

See also  मुख्य सचिव ने छठे वित्त आयोग के अध्यक्ष से की मुलाकात

राज्य के पास वर्तमान में आईएमसी खुरपिया, आईआईई सितारगंज, नेपा फार्म तथा अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में 3,800 एकड़ से अधिक रणनीतिक रूप से स्थित औद्योगिक भूमि उपलब्ध है. जो दिल्ली, प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों, रेल कॉरिडोर और हवाई अड्डों से सशक्त संपर्क द्वारा जुड़ा हुआ है।

उत्तराखण्ड की मेगा इंडस्ट्रियल एवं निवेश नीति के अंतर्गत बड़े निवेशों के लिए ₹400 करोड़ तक की पूंजी अनुदान सहायता प्रदान की जाती है। एमएसएमई क्षेत्र में विनिर्माण उद्यमों को ₹4 करोड तक का उपादान एवं वेंचर फंड के माध्यम से स्टार्टअप को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

राउंड टेबल के दौरान रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स और उच्च सटीकता विनिर्माण, एयरोस्पेस घटक और यूएवी प्रणालियों,उन्नत सामग्री और खनिज-आधारित अनुप्रयोग, रक्षा आपूर्ति श्रृंखलाओं में एमएसएमई की भागीदारी को सुदृढ़ करना जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।

See also  सीएम धामी ने चंपावत में किया महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण

महानिदेशक/आयुक्त, उद्योग डॉ सौरभ गहरवार ने इस अवसर पर कहा कि रक्षा निवेशकों को पारदर्शी, कुशल एवं सहयोगात्मक वातावरण प्रदान करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। आज के कार्यक्रम में जो सुझाव आये हैं विभाग उनको समाहित कर रक्षा क्षेत्र के लिए एक व्यापक नीति तैयार करने का प्रयास करेगा।