आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा द्वारा आज तिलवाड़ा बाजार क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर संचालित कार्यों, अधिग्रहित भूमि से हटाए गए अतिक्रमण तथा सड़क पर पड़े मलवे की स्थिति का गहनता से अवलोकन किया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि तिलवाड़ा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन को सुगम बनाने हेतु कार्य प्रगति पर है तथा इसका मुख्य उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण का प्रमुख उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिन भू-स्वामियों को पूर्व में अधिग्रहित संपत्तियों का मुआवजा वितरित किया जा चुका है, वे तत्काल प्रभाव से अधिग्रहित भूमि से अपना स्वामित्व हटाएं। साथ ही जिन भवनों को ध्वस्त किया जा चुका है, उनका मलवा यथाशीघ्र हटाया जाए, जिससे मार्ग बाधित न हो।
उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण एवं मलवा हटाने से आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान वाहनों के आवागमन हेतु पर्याप्त चौड़ाई उपलब्ध हो सकेगी। इससे पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के साथ बैठक भी आयोजित की गई है, जिसमें संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए है।
जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग की अधिग्रहित भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई दुकानदार अथवा व्यवसायी अपनी दुकान की निर्धारित सीमा से बाहर एनएच की भूमि पर अस्थायी सामग्री अथवा अन्य सामान रखता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नगर पंचायत के माध्यम से चालानी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने कहा कि अतिक्रमण एवं मलवा हटाने की कार्यवाही से चारधाम यात्रा के दृष्टिगत राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की समस्या से निजात मिलेगी। साथ ही खाली कराई गई भूमि का उपयोग पार्किंग, यात्रियों के विश्राम हेतु बेंच स्थापना तथा अन्य जनसुविधाओं के विकास के लिए भी किया जा सकेगा, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुव्यवस्थित यात्रा का अनुभव प्राप्त हो।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं और तिलवाड़ा बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

More Stories
शहरी विकास सचिव आर राजेश कुमार से मिला कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल, देहरादून में इंदिरा मार्केट के रिडेवलपमेंट प्लान पर तेजी से काम करने की मांग
दिल्ली में सीएम धामी, जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से की मुलाकात
अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों से मिले सीएम धामी, दिया भरोसा