19 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

निर्वाचन आयुक्त ने देहरादून में ली अहम बैठक

निर्वाचन आयुक्त ने देहरादून में ली अहम बैठक

भारत निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखवीर सिंह संधु ने देहरादून में निर्वाचन गतिविधियों के संबंध में समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड डॉ. बी.वी.आर.सी पुरुषोत्तम ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

निवार्चन आयुक्त डॉ. सुखवीर सिंह संधु ने बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश में युवा वोटरों को मतदाता सूची में शामिल करने के दृष्टिगत व्यापक अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मतदान प्रक्रिया से जुड़े कार्मिकों की राज्य एवं जिला स्तरीय प्रशिक्षण के लिए मास्टर ट्रेनर्स को विशेष रुप से तैयार किया जाए।

उन्होंने कहा कि गढ़वाल एवं कुमाऊं मंडल में एक-एक ट्रेनिंग सेंटर चिन्हित किए जाएं, जहां समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पादित किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश में बूथ लेवल एजेंट्स की तैनाती के लिए राजनैतिक दलों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रक्रिया में तेजी लायी जाए।

See also  जन जन की सरकार कार्यक्रम के तहत अब तक लगे 661 कैंप

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी पुरुषोत्तम ने अवगत कराया कि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार नए सिरे से प्रदेश में नए बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ) की तैनाती की प्रक्रिया गतिमान है। राज्य स्तर पर डीईओ, ईआरओ, बीएलओ सुपरवाईजर, बीएलओ एवं बीएलए के प्रशिक्षण हेतु आगामी अगस्त एवं सितंबर माह में कार्यक्रम प्रस्तावित है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में राजनैतिक दलों द्वारा बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) की नियुक्ति की प्रक्रिया गतिमान है जिसे जल्द सम्पन्न कर दिया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में विशेष सघन पुनरीक्षण कार्यक्रम का खाका भी तैयार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आयोग के नए दिशा-निर्देशों के क्रम में 2 किलोमीटर से अधिक पैदल दूरी के पोलिंग बूथ एवं 1,200 से अधिक मतदाताओं की संख्या वाले पोलिंग बूथ के मानक अनुसार प्रदेश में लगभग 1 हजार नए पोलिंग बूथ स्थापित किए जा रहे हैं।

See also  नवीनीकरण ऊर्जा में उत्तराखंड ने हासिल किया नया मुकाम

इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, जिला निर्वाचन अधिकारी देहरादून डॉ. सविन बंसल, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी एवं उप जिलाधिकारी डॉ. अपूर्वा सिंह उपस्थित रहे।