विगत देर शाम जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय में आपूर्ति विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों, गैस एजेंसी प्रबंधकों एवं गैस वितरण हेतु नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपते हुए सख्त निर्देश दिए कि बिना ऑनलाइन बुकिंग/डीएसी नंबर के किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर का वितरण न किया जाए। उन्होंने कहा कि संपूर्ण वितरण व्यवस्था पारदर्शी, व्यवस्थित एवं उपभोक्ता हित में होनी चाहिए। साथ ही निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को न्यूनतम परेशानी के साथ समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराते ही उनकी डीएसी को तत्काल ऑनलाइन माध्यम से सत्यापित करते हुए सिस्टम में फीड किया जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने अवगत कराया कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए वैकल्पिक ईंधन के रूप में वन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे पिरूल ब्रिकेट्स स्टोव उपयोगी सिद्ध हो सकते हैं। इस क्रम में पुलिस लाइन एवं एक रेस्टोरेंट संचालक को पिरूल ब्रिकेट्स स्टोव उपलब्ध कराया गया है। जिलाधिकारी ने भी इसे एक बेहतर विकल्प मानते हुए अधिकारियों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि इस वैकल्पिक व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों तक इसकी उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को नियमित रूप से छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े इस विषय में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला आपूर्ति अधिकारी विनय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मार्च माह में की गई डीएसी बुकिंग माह की अंतिम तिथि 31 मार्च को स्वतः निरस्त हो चुकी है। जिन उपभोक्ताओं को मार्च माह में डीएसी होने के बावजूद गैस सिलेंडर प्राप्त नहीं हुआ, उन्हें अप्रैल माह की शुरुआत में स्वतः नई डीएसी पुनः प्राप्त हो रही है, जिसके आधार पर वे गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मार्च माह की डीएसी के आधार पर अब गैस सिलेंडर प्राप्त नहीं किया जा सकेगा। सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे केवल अप्रैल माह में स्वतः जनरेट नई डीएसी के आधार पर ही गैस सिलेंडर प्राप्त करें तथा पुरानी डीएसी के आधार पर अनावश्यक घबराहट महसूस न करें।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने यह भी बताया कि प्रत्येक माह की अंतिम तिथि को अप्रयुक्त डीएसी स्वतः निरस्त हो रही है। इसके पश्चात नई डीएसी अगले माह की शुरुआत में स्वतः जनरेट होकर उपभोक्ताओं को उपलब्ध हो जाती है, जिसके माध्यम से गैस सिलेंडर प्राप्त किया जा सकेगा।
बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्या आशीष पुनेठा, मुख्य कृषि अधिकारी अमरेंद्र चौधरी, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, 8 नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जनपद के अन्य उपजिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे ।

More Stories
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मिले सीएम धामी, हरिद्वार कुंभ को लेकर दिए अहम प्रस्ताव
भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के लिए 461 करोड़ रुपये केंद्र ने मंजूर किए, सीएम धामी ने जताया आभार
MDDA ने तेज की मास्टर प्लान 2041 को फाइनल टच देने की कवायद, देहरादून के विकास को लेकर अहम कदम