3 April 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

पिथौरागढ़ के शहीद विकास कुमार को दी गई अंतिम विदाई

पिथौरागढ़ के शहीद विकास कुमार को दी गई अंतिम विदाई

जनपद पिथौरागढ़ के वीर सपूत विकास कुमार, जो सिक्किम में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हो गए, को आज जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। भारतीय सेना के वीर जवान विकास कुमार, जो 19 कुमाऊँ रेजिमेंट में तैनात थे, देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गए। उनकी तैनाती सिक्किम में थी। इस बहादुर सिपाही की शहादत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। उनके पैतृक गांव गणकोट (सुकौली) में मातम का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हैं, वहीं उनके हृदय में गर्व भी है कि उनका बेटा देश की रक्षा करते हुए शहीद हुआ।

See also  सीएम धामी ने विकास योजनाओं के लिए मंजूर किया 53 करोड़ रुपये का बजट

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि शहीद विकास कुमार का बलिदान देश की सेवा और सुरक्षा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा का प्रतीक है। उनका यह सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति के लिए प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा प्रशासन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। शहीद विकास कुमार अपने पीछे माता-पिता, पत्नी, भाई तथा एक 8 माह के शिशु को छोड़ गए हैं।  महापौर कल्पना देवलाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विरेंद्र सिंह बोहरा उपजिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा सहित अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया।