19 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

ऑडियो पर माहरा ने सरकार को घेरा

ऑडियो पर माहरा ने सरकार को घेरा

उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने एक बीजेपी विधायक राम सिंह कैड़ा के सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऑडियो वीडियो पर तीखी प्रतिक्रिया दी है ।

माहरा ने कहा की बकौल भीमताल विधायक वह जिस व्यक्ति से बात कर रहे हैं वो उत्तराखंड सरकार में मंत्री हैं पर मंत्री महोदय कॉल पर होने से इनकार कर चुके हैं ।

ऐसे में उत्तराखंड सरकार और भाजपा संगठन को चाहिए कि वह बताएं कि वह अपने विधायक कैड़ा से पूछें की उनके साथ फोन पर कौन व्यक्ति था जिसे वह वन मंत्री बताकर स्थानीय जनता को भ्रमित कर रहे हैं।

सच सामने लाए सरकार- करन माहरा

माहरा ने कहा की अगर राम सिंह कैड़ा की बात में सच्चाई है तो वाकई स्थिति खेदजनक है। सार्वजनिक क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों को इस तरह की भाषा शैली किसी सूरत में शोभा नहीं देती। जो वीडियो और ऑडियो वायरल हो रहा है उसमें बीजेपी के एक विधायक और मंत्री की आपसी बातचीत सुनाई दे रही है जिसमें भाजपा विधायक वन्य जीव और मानव संघर्ष में हुए नुकसान को लेकर मंत्री से दिशा निर्देश और मदद की दरकार कर रहे हैं।

See also  पौड़ी पुलिस ने देर रात चलाया चेकिंग अभियान

माहरा ने कहा कि बातचीत बहुत ही निंदनीय है और उसमें दूसरा व्यक्ति उच्च न्यायालय के संबंध में बहुत ही अभद्र भाषा में आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए सुना जा सकता है। इतना ही नहीं बातचीत के दौरान वह व्यक्ति पी आई एल करने वाले को भी पकड़ने की और मारने की बात भाजपा विधायक से कर रहा है जो की बहुत ही निंदनीय है।

मंत्री को मांगनी चाहिए माफी- करन माहरा

माहरा ने कहा की सरकार का दोहरा चरित्र इसी बात से सामने आ जाता है कि पिछले दिनों उद्यान विभाग में बड़ा भ्रष्टाचार उजागर हुआ जिसमे भाजपा विधायक और बड़े अधिकारियों की संलिप्तता पाई गई और उच्च न्यायालय ने पूरे मामले की सीबीआई जांच करने के आदेश दिए। माहरा ने कहा की अपने विधायक और अधिकारियों को फंसता देख धामी सरकार उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय जाने की तैयारी कर रही है, वहीं दूसरी और वन्य जीव और मानव संघर्ष जैसे गंभीर प्रकरण जिससे उत्तराखंड का समूचा पर्वतीय अंचल आतंकित है ऐसे मामलों में उच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला देकर या उसकी आड़ लेकर वन मंत्री अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। माहरा ने कहा की एक जनप्रतिनिधि को इस तरह की भाषा शैली कतई शोभा नहीं देती। अगर राम सिंह कैड़ा से बात करने वाले दूसरे व्यक्ति वन मंत्री हैं यह बात सत्यापित हो जाती है तो मंत्री महोदय मुख्यमंत्री के मंत्रिमंडल का हिस्सा हैं ऐसे में मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत हस्तक्षेप करके मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवानी चाहिए और माननीय उच्च न्यायालय को स्वत: संज्ञान लेते हुए मंत्री पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए ताकि इस तरह के प्रकरणों की पुनरावृत्ति ना हो।