सांसद हरिद्वार एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने आज नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट कर उत्तराखंड से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान सांसद रावत ने देहरादून के क्लेमनटाउन एवं आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में निवासरत पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की चिकित्सा सुविधा के विषय को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने रक्षा मंत्री को अवगत कराया कि देहरादून स्थित वेलमेड अस्पताल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त है, जहां कैंसर सहित अनेक गंभीर रोगों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उपचार किया जा रहा है। उन्होंने अनुरोध किया कि पूर्व सैनिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए वेलमेड अस्पताल, देहरादून को ईसीएचएस योजना के अंतर्गत कैंसर उपचार हेतु सूचीबद्ध (Empanelled) किए जाने के संबंध में आवश्यक निर्देश प्रदान किए जाएं।
सांसद रावत ने 130 इन्फैंट्री बटालियन प्रादेशिक सेना (पर्यावरण) की दो कंपनियों एवं बटालियन मुख्यालय को जनपद पिथौरागढ़ से अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव पर भी पुनर्विचार करने का अनुरोध किया। इस संबंध में अध्यक्ष, पूर्व सैनिक संगठन पिथौरागढ़ द्वारा प्रेषित पत्र भी उन्होंने रक्षामंत्री को सौंपा और सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। सांसद रावत ने कहा कि पूर्व सैनिकों का सम्मान, सुरक्षा और उनकी सुविधाओं को सुनिश्चित करना राष्ट्र की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर नैनीताल-ऊधमसिंह नगर से सांसद श्री अजय भट्ट भी उपस्थित रहे।

More Stories
दुष्यंत गौतम के स्वागत पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने बीजेपी की नीयत पर उठाए सवाल
अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में सीएम धामी ने की शिरकत
हरक सिंह रावत ने एलपीजी संकट को लेकर केंद्र सरकार पर उठाए सवाल