12 April 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

धूमधाम से मनाया गया पिथौरागढ़ का स्थापना दिवस

धूमधाम से मनाया गया पिथौरागढ़ का स्थापना दिवस

पिथौरागढ़ के 66वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंजिल इंस्टीट्यूट द्वारा ‘पिथौरागढ़ अनुभवोत्सव सीजन-3’ का भव्य आयोजन किया गया। जिला पंचायत सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कृति और युवा ऊर्जा का प्रेरक संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जिला स्तरीय मॉक टेस्ट रहा, जिसमें सैकड़ों युवाओं ने प्रतिभाग कर अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया। इस मॉक टेस्ट का उद्देश्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के वास्तविक वातावरण से परिचित कराना तथा उनमें आत्मविश्वास एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करना रहा। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ परीक्षा में भाग लिया और अपनी तैयारी को परखा।

See also  शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने की कुंभ तैयारी की समीक्षा, सभी काम तय वक्त पर पूरा करने के निर्देश

बौद्धिक प्रतियोगिता के साथ-साथ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बना दिया। स्थानीय कलाकारों एवं छात्र-छात्राओं ने कुमाऊंनी संस्कृति, लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से जिले की समृद्ध परंपरा एवं गौरवशाली इतिहास को जीवंत किया। दर्शकों ने प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष कुमार भटगांई उपस्थित रहे। उनके साथ आध्यात्मिक गुरु गुरुकुलानंद कचहरी बाबा, वरिष्ठ समाजसेवी पद्मदत्त पंत, सुरेश जोशी, प्रवीण सिंह रावल तथा जनकवि महेश मखोलिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अतिथियों ने अपने संबोधन में मंजिल इंस्टीट्यूट के इस अभिनव प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन जिले के दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों के युवाओं को सही दिशा, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ‘अनुभवोत्सव’ केवल स्थापना दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि युवाओं को भविष्य की प्रतिस्पर्धात्मक चुनौतियों के लिए तैयार करने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।