17 December 2025

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

राहुल की यात्रा पर हमला किसकी साजिश?

राहुल की यात्रा पर हमला किसकी साजिश?

उत्तराखंड कांग्रेस प्रवक्ता डॉ0 प्रतिमा सिंह ने असम के लखीमपुर में कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के काफिले पर हुए जानलेवा हमले की कड़े शब्दों में निन्दा करते हुए एक बयान जारी करते हुए कहा कि असम के लखीपुर में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान उनके काफिले पर जानलेवा हमला भाजपा की राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित हमला था। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज राहुल गांधी से इतनी डरी हुई है कि अब उनके शांतिपूर्वक निकाली जा रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर जानलेवा हमला करने से भी नहीं कतरा रही है।

धर्म के नाम पर बीजेपी की राजनीति- प्रतिमा सिंह

डॉ0 प्रतिमा सिंह ने कहा कि एक ओर भाजपा राम राज्य और सनातन धर्म की बात करती है परन्तु उसके शीर्ष नेताओं को ये भी नहीं मालूम कि राम राज्य में सबको बराबर के अधिकार थे और सनातन धर्म में चारों पीठों के शंकराचार्य भगवान के प्रतिनिधि माने जाते हैं और हिन्दू धर्म की हजारों वर्ष से चली आ रही परम्परा के अनुसार शंकराचार्यों के आदेशों का हिन्दू धर्म में अक्षरशः पालन किया जाता है। परन्तु नरेन्द्र मोदी और उनके अंधभक्तों द्वारा आज हिन्दू धर्म की सारी मान्यताओं और परम्पराओं को तोड़कर मोदी धर्म स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हिरण्यकश्यप स्वयं को बलपूर्वक परमेश्वर मानने को कहता था ठीक उसी प्रकार नरेन्द्र मोदी भी स्वयं को सत्ता की ताकत के बल पर अंध भक्तों का परमेश्वर बनना चाहते हैं तथा जिस प्रकार भक्त प्रहलाद ने हिरण्यकश्यप की कुनीतियों का विरोध किया उसी प्रकार राहुल गांधी नरेन्द्र मोदी की कुरीतियों और कुनीतियों का विरोध कर रहे हैं जिसके कारण उन पर जानलेवा हमला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा नीत मोदी सरकार ने पिछले 9 वर्ष के कार्यकाल में केवल देश में भय का वातावरण बनाने के अलावा कुछ भी नहीं किया और अब उसे जनता रूपी नरसिंह अवतार का डर सता रहा है तो वह एक बार फिर देश की जनता को राम के नाम पर आपस में लड़ाना चाहती है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में नारियों का आदर सम्मान सर्वोपरि माना जाता है परन्तु इसके विपरीत आज भाजपा शासित राज्यों में सबसे अधिक अत्याचार महिलाओं पर हो रहे हैं, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का चुनावी नारा देने वाली भाजपा सरकारों के राज में बेटियों की अस्मिता को तारतार किया जा रहा है, फिर भाजपा कौन से सनातन धर्म की बात कर रही है यह देश की जनता को समझ आने लगा है।

See also  खाद्य विभाग चलाएगा राज्यव्यापी विशेष अभियान