18 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

यशपाल आर्य ने स्वीकारी कांग्रेस की कमी

यशपाल आर्य ने स्वीकारी कांग्रेस की कमी

लोकसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस तैयारी में जुटी है। जिला सम्मेलनों के जरिये कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाने की कवायद है। आज ऊधमसिंह नगर का जिला सम्मेलन आयोजित किया गया। पीसीसी चीफ करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी समेत कांग्रेस के कई सीनियर नेता और कार्यकर्ता सम्मेलन में मौजूद रहे। इस दौरान सभी नेताओं ने एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने की बात दोहराई। साथ ही जनता के बीच बीजेपी सरकार की नाकामियां उजागर करने का संकल्प भी लिया। कांग्रेस नेताओं ने भरोसा जताया कि कार्यकर्ता पूरी मेहनत से काम करेंगे और बीजेपी का चुनाव में सफाया करेंगे।

घर-घर पहुंचाएं मुद्दे- करन माहरा

उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने आह्वान किया कि अब वक्त चुनौती का मुकाबला करने का है और इस चुनौती से पार पाना ही होगा। माहरा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लगातार काम करने और जनता के बीच जाने की अपील की। करन माहरा ने साफ किया कि बीजेपी की नकारात्मक राजनीति का जवाब हर हाल में देना होगा। इसके लिए जनता को हकीकत बतानी पड़ेगी और कांग्रेस को घर घर जाकर असल मुद्दों पर बात करनी होगी ताकि लोगों को सच्चाई का पता चल सके। करन माहरा ने पार्टी में अनुशासन की भी वकालत की और दावा किया कि कांग्रेस की लीडरशिप अगर पूरी क्षमता के साथ मैदान में उतरी तो पांचों सीटों पर बीजेपी का सफाया हो जाएगा और 2027 के लिए भी रोडमैप तैयार हो जाएगा। करन माहरा ने आने वाले दिनों में और आक्रामक होकर सरकार की नाकामियां जनता के बीच लाने का भी ऐलान किया।

See also  शहरों में विकास के नाम पर हो रही लापरवाही को लेकर यशपाल आर्य ने उठाए सवाल, सरकार को दिया अल्टीमेटम

नेता प्रतिपक्ष ने मानी नाकामी

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी डबल इंजन सरकार पर जमकर हमला बोला। आर्य ने कहा कि जनता को गुमराह करने वाली सरकार को हर हाल में सत्ता से उखाड़ना होगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को घरों से निकलना पड़ेगा और सड़कों पर उतर कर संघर्ष करना होगा। यशपाल आर्य ने कहा कि सरकार सिर्फ इवेंट मैनेजमेंट और फोटो सेशन के जरिये अपना प्रचार कर रही है, जबकि जमीन पर जनता बेहाल है। यशपाल आर्य ने माना कि कई मुद्दे ऐसे हैं जिनपर कांग्रेस ने मुखर होकर विरोध नहीं किया। मंच पर ही यशपाल आर्य ने पार्टी की नाकामी स्वीकार की और भविष्य में इसे सुधारते हुए आक्रामक होने का दावा किया। इनवेस्टर समिट पर भी नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाए। यशपाल आर्य ने उत्तराखंड की सरकार पर भ्रष्टाचार में डूबे होने का भी आरोप लगाया। यशपाल आर्य ने कहा कि अगर सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे तो जनता के बीच हकीकत आएगी और चुनाव में बीजेपी को मुंह की खानी पड़ेगी।

See also  ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पार्ट 2 की सचिवालय में समीक्षा बैठक

कांग्रेस का अलग अंदाज़ दिखाई देगा?

जिला सम्मेलनों के जरिये नेताओं ने कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने की कोशिश की है। करन माहरा और यशपाल आर्य की जोड़ी ने भविष्य के प्लान भी तैयार किए हैं, साथ ही आक्रामक रणनीति के साथ सरकार को घेरने का दावा किया है। कांग्रेस की पहली परीक्षा कल ही होने वाली है। केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर कल देहरादून में भी कांग्रेस का राजभवन कूच है अब देखना होगा कि कल के कार्यक्रम में कितनना उत्साह दिखाई देता है और जिला सम्मेलनों में कही गई बातों का कितना असर दिखाई देता है। कल के प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं की एकजुटता का भी टेस्ट होना है। देखना है कि मंचों टर कही गई बातें धरातल पर किस हद तक उतर पाती हैं। एक तरह से कलर लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की तैयारी का भी इम्तिहान है।

See also  देहरादून में कांग्रेस का प्रदर्शन, गोदियाल बोले 2027 में बीजेपी की सत्ता से विदाई तय