जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को विकासखंड पोखरी की न्याय पंचायत किमोठा में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज रडुवा चांदनी खाल में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन को सीधे जनता तक पहुंचाकर जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ प्रदान किया गया। शिविर के माध्यम से 200 से अधिक ग्रामीणों को योजनाओं से जोड़ा गया। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने 60 से अधिक समस्याएं रखीं, जिनमें से 40 समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष के शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। शिविर में कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, पूर्ति सहित विभिन्न विभागों द्वारा पेंशन, राशन कार्ड, आधार, आयुष्मान, स्वरोजगार एवं अन्य सेवाएं प्रदान की गईं। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और
जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचे और समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके। उन्होंने ग्रामीणों से इन शिविरों में अधिक से अधिक सहभागिता करने की अपील की।

More Stories
लैंसडाउन विधानसभा में कर्नल राम रतन नेगी की ग्राम जोड़ो यात्रा, लोगों का मिला समर्थन
आवास सचिव आर राजेश कुमार ने नगर और ग्राम नियोजन विभाग की बैठक की
जल जीवन मिशन को लेकर डीएम पिथौरागढ़ सख्त, फील्ड विजिट कर दिए अफसरों को लापरवाही से बाज आने के निर्देश