13 November 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

उत्तराखंड बीजेपी महिला मोर्चा का हरक सिंह रावत पर हमला

उत्तराखंड बीजेपी महिला मोर्चा का हरक सिंह रावत पर हमला

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने आज आयोजित प्रेस वार्ता में जेनी प्रकरण को लेकर कांग्रेस पार्टी और उसके वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जेनी प्रकरण में हरक सिंह रावत पर लगाए गए गंभीर आरोपों के साथ ही उनकी पत्नी दीप्ति रावत द्वारा सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से दिए गए बयान और सोनिया रावत के वक्तव्यों ने इस पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी की चुप्पी अनेक सवाल खड़े करती है। उत्तराखंड बीजेपी महिला मोर्चा का हरक सिंह रावत पर हमला

रुचि भट्ट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस के नेता महिला सम्मान, महिला अधिकारों और महिला न्याय की बात करते हुए नहीं थकते, लेकिन जब सवाल अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत पर उठते हैं, तो पार्टी नेतृत्व मौन क्यों हो जाता है? क्या महिला सम्मान और न्याय के सिद्धांत केवल राजनीतिक भाषणों और दूसरों पर आरोप लगाने तक ही सीमित हैं?

See also  बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू

उन्होंने कहा कि जब किसी वरिष्ठ राजनीतिक नेता पर इस प्रकार के गंभीर आरोप सार्वजनिक रूप से सामने आते हैं और उनसे जुड़े लोगों के बयान भी सार्वजनिक चर्चा का विषय बनते हैं, तो उनकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। आरोपों को केवल राजनीतिक बयानबाजी बताकर खारिज नहीं किया जा सकता और न ही जांच से बचने के लिए राजनीतिक इधर उधर की अनर्गल बातों का सहारा लिया जाना चाहिए।

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस नेतृत्व से मांग की कि हरक सिंह रावत को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के पद से हटाया जाए। उन्होंने सरकार से जांच की मांग भी करते हुए ताकि सच जनता के सामने आ सके ।

See also  उत्तराखंड में कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए धामी सरकार की नई‌ पहल

रुचि भट्ट ने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या उसके लिए महिला सम्मान वास्तव में कोई नैतिक प्रतिबद्धता है या फिर यह केवल राजनीतिक सुविधा के अनुसार इस्तेमाल किया जाने वाला मुद्दा है? यदि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान और न्याय के प्रति गंभीर है, तो उसे इस मामले में भी वही मापदंड अपनाने चाहिए, जिनकी दुहाई वह दूसरे मामलों में देती रही है।

उन्होंने अंत में कहा कि महिला न्याय किसी पार्टी की राजनीति से बड़ा विषय है। किसी भी महिला की आवाज को राजनीतिक नफा-नुकसान के तराजू पर नहीं तौला जाना चाहिए। जनता जानना चाहती है कि इस पूरे प्रकरण की सच्चाई क्या है और कांग्रेस नेतृत्व उस सच्चाई को सामने लाने के लिए क्या कदम उठा रहा है।

See also  सीएम धामी से मिले रुद्रपुर और काशीपुर के मेयर, स्वच्छता का पुरस्कार जीतने के बारे में चर्चा