15 June 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

देहरादून में ट्रैफिक सुधारने के लिए कांग्रेस ने एसपी सिटी को सौंपा ज्ञापन

देहरादून में ट्रैफिक सुधारने के लिए कांग्रेस ने एसपी सिटी को सौंपा ज्ञापन

देहरादून में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को लेकर कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से यातायात व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सिटी को ज्ञापन सौंपते हुए शहर के प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

ज्ञापन में कहा गया कि शहर में तेजी से बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण यातायात व्यवस्था लगातार चुनौतीपूर्ण होती जा रही है। विशेष रूप से मोहब्बेवाला चौक से ट्रांसपोर्ट नगर चौक तक का क्षेत्र भारी वाहनों की आवाजाही, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाओं की दृष्टि से बेहद संवेदनशील बन चुका है। हाल ही में सोमवार को मोहब्बेवाला चौक के पास एक ओवरलोड ट्रक पलटने की घटना ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था की कमियों को उजागर कर दिया है।

See also  खटीमा में प्रगति पथ यात्रा में शामिल हुए सीएम धामी

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मोहब्बेवाला चौक पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निगरानी रखी जा सके। साथ ही चंद्रबनी चौक पर ट्रैफिक सिग्नल स्थापित करने, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा स्पीड मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से ऑनलाइन चालान व्यवस्था को प्रभावी बनाने की भी मांग की गई।

इसके अलावा आईएसबीटी देहरादून फ्लाईओवर के नीचे से निजी बसों के ठहराव और संचालन को बंद करने की मांग भी उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव दिया कि शहर के व्यस्त चौराहों जैसे बल्लूपुर चौक और प्रिंस चौक पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाए तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेत और स्पीड कैमरे लगाए जाएं।

See also  आईएमए की पासिंग आउट परेड में दिखा जोश

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि शहर में भारी वाहनों के प्रवेश के लिए समय सीमा निर्धारित की जाए, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाए तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए फुटपाथ और जेब्रा क्रॉसिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर लालचंद शर्मा ने कहा कि देहरादून में बढ़ता ट्रैफिक आम नागरिकों के लिए गंभीर समस्या बनता जा रहा है। प्रशासन को सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था मिल सके।

वहीं पूर्व विधायक राजकुमार की ओर से भी सुझाव दिया गया कि स्कूलों के समय में प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके। ज्ञापन देने के दौरान दीप वोहरा, राजीव पुंज, रमेश कुमार मंगू, हरी प्रसाद भट्ट, अर्जुन सोनकर, मुकीम अहमद, राजेश शर्मा, सुनील बांगा, सुलतान पठान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।