24 June 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

चंपावत में नाबालिग से गैंगरेप, इंद्रेश मैखुरी का कानून व्यवस्था पर सवाल

चंपावत में नाबालिग से गैंगरेप, इंद्रेश मैखुरी का कानून व्यवस्था पर सवाल

लेफ्ट नेता इंद्रेश मैखुरी ने चंपावत में गैंगरेप को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। मैखुरी ने कहा चंपावत में एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना अत्यंत जघन्य और निंदनीय है. यह भी अत्यंत क्षोभनीय है कि उक्त लड़की का अपहरण करके उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। उक्त वारदात से उत्तराखंड में कानून व्यवस्था के क्षरण को साफ देखा जा सकता है। ये स्पष्ट है कि जिस उत्तराखंड पुलिस के उत्पीड़न से तंग आ कर सतपुली और खैरना की तरह आम लोग आत्महत्या कर रहे हैं, वही पुलिस ऐसी जघन्य वारदातों में संलिप्त होने वाले अपराधियों को रोकने में नाकाम है. आए दिन बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देख कर ऐसा लगता है कि कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने में राज्य की भाजपा सरकार की कोई रुचि नहीं है.

See also  सीएम धामी ने उत्तराखंड आने वाले सभी श्रद्धालुओं और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का दिया निर्देश

मैखुरी ने कहा ये भी शर्मनाक है कि यह जघन्य वारदात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र में घटित हुई है और अपहरण व सामूहिक दुष्कर्म के तीन आरोपियों में से एक भाजपा का मंडल उपाध्यक्ष बताया जा रहा है. अभी बहुत दिन नहीं बीते जब नारी शक्ति वंदन के नाम पर मुख्यमंत्री और भाजपा गत्ते वाली नकली मशाल का जुलूस निकाल रहे थे. अब मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा पदाधिकारी के नाबालिग बच्ची के अपहरण व सामूहिक दुष्कर्म में नामजद होने ने मुख्यमंत्री और भाजपा के नारी शक्ति वंदन के नाम पर किये गए नाटक के खोखलेपन को सामने ला दिया है.

See also  महेंद्र भट्ट का कांग्रेस पर निशाना, पीएम के खिलाफ अपशब्द कहने पर माफी की मांग

उक्त जघन्य वारदात में लिप्त सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चला कर उनको सजा दिलवाई जानी चाहिए. पुलिस को कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस प्रयास करने की जरूरत है और राज्य सरकार को बिगड़ती कानून व्यवस्था के प्रति अपनी बेरुखी त्यागनी चाहिए।

 

See also  बीजेपी प्रकोष्ठों की बैठक में सीएम धामी बोले 2027 में भी कमल खिलना तय
Ad 1