केदारनाथ धाम की यात्रा पर आए एक तीर्थयात्री परिवार के लिए उत्तराखंड पुलिस संकटमोचक साबित हुई। आज दिनांक 10 जून 2026 को सीजग्राम पश्चिम बंगाल के निवासी चिरंजीत मंडल अपनी पत्नी रिम्पी मंडल और अपने छोटे बालक के साथ बाबा केदार के दर्शन के लिए आ रहे थे। इसी दौरान जंगलचट्टी के पास अचानक उनकी पत्नी और बच्चा भीड़ में कहीं बिछड़ गए।
पत्नी का मोबाइल भी पति चिरंजीत मंडल के पास ही रह गया था। हालांकि महिला को मोबाइल नम्बर याद था, लेकिन केदारनाथ मार्ग पर नेटवर्क की समस्या होने के कारण वे अपने पति से सम्पर्क नहीं कर पा रही थीं। इधर चिरंजीत मंडल भी जंगलचट्टी क्षेत्र में काफी देर से अपनी पत्नी और बच्चे को तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल पा रहा था।
परेशान पति द्वारा इसकी सूचना चौकी जंगलचट्टी को दी गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चौकी भीमबली पुलिस तत्काल हरकत में आई और उन्होंने अपने क्षेत्र में युद्धस्तर पर खोजबीन शुरू की। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते कुछ ही समय में महिला और बच्चे को भीमबली क्षेत्र से सकुशल ढूंढ निकाला गया।
इसके बाद पुलिस ने महिला और बच्चे को उनके पति चिरंजीत मंडल के सुपुर्द कर दिया। यात्रा के बीच में अपने परिवार को इस तरह सुरक्षित और सकुशल वापस पाते ही चिरंजीत मंडल काफी प्रसन्न हुए और उन्होंने उत्तराखंड पुलिस की मुस्तैदी व सेवा भावना का तहेदिल से आभार प्रकट किया।

More Stories
धामी कैबिनेट की बैठक में अहम प्रस्तावों पर चर्चा
नितिन नबीन के दौरे को लेकर कांग्रेस ने साधा निशाना, सिख समुदाय से जुड़े मसले पर उठाए सवाल
उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों के लिए तैयार होगा आपदा प्रबंधन प्लान