2 July 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

बिच ब्लॉक की बैठक में हुई विकास योजनाओं पर चर्चा

बिच ब्लॉक की बैठक में हुई विकास योजनाओं पर चर्चा

विकासखंड बिण सभागार में गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी गोस्वामी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में विकासखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान विभागों के बेहतर समन्वय तथा संवेदनशील कार्यप्रणाली से ही संभव है।

बैठक के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, सड़क, सिंचाई, ग्रामीण संपर्क मार्गों की स्थिति, जलापूर्ति, विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता, स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों एवं दवाओं की व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति में व्यवधान तथा विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन सहित स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए प्रत्येक विषय का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान विकासखंड अथवा जनपद स्तर पर संभव है, उनका शीघ्र निस्तारण किया जाए तथा जिन मामलों में शासन स्तर से कार्रवाई अपेक्षित है, उन्हें बिना विलंब नियमानुसार अग्रसारित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति से सदन को अवगत कराया। इस दौरान ग्रामीण आजीविका, स्वच्छता, पेयजल, निर्माणाधीन परियोजनाओं तथा अन्य विकास कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक प्रमुख श्रीमती लक्ष्मी गोस्वामी ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विषय सीधे आम जनता से जुड़े हैं, इसलिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर इनका शीघ्र एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें।

बैठक में जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र अवस्थी, विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।