25 July 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

डीएम पिथौरागढ़ ने की विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा, दिए अहम निर्देश

डीएम पिथौरागढ़ ने की विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा, दिए अहम निर्देश

पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला योजना, 20-सूत्रीय कार्यक्रम, 25-सूत्रीय कार्यक्रम, माननीय मुख्यमंत्री की घोषणाओं तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1905) की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री द्वारा जनपद के विकास के लिए की गई विभिन्न घोषणाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों से प्रत्येक घोषणा की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन योजनाओं में भूमि हस्तांतरण, तकनीकी स्वीकृति, प्रशासनिक स्वीकृति अथवा बजट आवंटन जैसी प्रक्रियाएं लंबित हैं, उन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता पर निस्तारित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को शीघ्र धरातल पर उतारना सुनिश्चित करें, जिससे जनपदवासियों को योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।

See also  शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 92 लाख की धोखाधड़ी, STF की गिरफ्त में आरोपी

जिला योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जिला योजना के अंतर्गत विभिन्न विभागों को स्वीकृत बजट आवंटित किया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत कार्यों को तत्काल प्रारंभ करते हुए धनराशि का समयबद्ध एवं नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण होना चाहिए। साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी कर प्रगति की सूचना समय-समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। 20-सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने उन विभागों पर विशेष नाराजगी व्यक्त की जिनकी प्रगति अभी भी ‘बी’, ‘सी’ एवं ‘डी’ श्रेणी में है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग तथा बेहतर प्रदर्शन के माध्यम से अपने विभागों को शीघ्र ‘ए’ श्रेणी में लाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर जनपद की रैंकिंग विभागों के प्रदर्शन पर आधारित होती है, इसलिए प्रत्येक विभाग लक्ष्य प्राप्ति के प्रति पूरी गंभीरता से कार्य करे।

See also  सीएम धामी ने ली बाघ संचालन समिति की बैठक

25-सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक बिना किसी विलंब के पहुंचना चाहिए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दें। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1905) एवं जनशिकायतों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों पर स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग साप्ताहिक स्तर पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करे तथा उनका त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि केवल शिकायत का निस्तारण दर्ज कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता से संपर्क कर फीडबैक प्राप्त किया जाए तथा उन्हें किए गए समाधान से संतुष्ट भी किया जाए। जिन विभागों में शिकायतों का निस्तारण संतोषजनक नहीं पाया जाएगा, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान है। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ करें तथा यह सुनिश्चित करें कि किसी भी योजना अथवा शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने सभी विभागों को नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

See also  सीएम हाउस में लगा जनता दरबार

बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 जेएस चुफाल, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी निरंजन प्रसाद, सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।