31 August 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

पौड़ी में लगा जनता दरबार, कमिश्नर ने खुद सुनीं समस्याएं

पौड़ी में लगा जनता दरबार, कमिश्नर ने खुद सुनीं समस्याएं

जनपद पौड़ी गढ़वाल में आयोजित जनता दर्शन एवं जनता मिलन कार्यक्रमों में आमजन की समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई की जा रही है। पूर्व में प्राप्त शिकायतों का भी जिलाधिकारी के निर्देशन में लगातार फॉलोअप कर निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।

सोमवार को जिला सभागार में आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन में 28 शिकायतें एवं समस्याएं सामने आईं। आयुक्त ने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेकर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। पौड़ी में लगा जनता दरबार, कमिश्नर ने खुद सुनीं समस्याएं

बल्ली गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को दो दिन में पाइपलाइन मरम्मत कराने तथा तब तक टैंकर से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। भिताईं मल्ली की ग्राम प्रधान मंजू नेगी की झाड़ियों से बाधित मार्ग की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तत्काल बुशकटर उपलब्ध कराया। सतपुली-पैडुल मोटर मार्ग पर 10 वर्ष से अधिक समय से लंबित सड़क कटिंग मुआवजे के मामले में राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता को प्राथमिकता से निस्तारण तथा अमीन को भूमि संबंधी कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए।

वाहन सरेंडर के बावजूद बकाया दर्शाए जाने की शिकायत पर एडीएम को जांच के निर्देश तथा परिवहन कार्यालय परिसर में अनधिकृत एजेंटों पर कार्रवाई को कहा गया। तहसील मार्ग के गड्ढे भरने और निराश्रित पशुओं की समस्या के समाधान, खराब विद्युत लाइटें ठीक करने के भी निर्देश दिए गए। ग्राम कठूड़ में भालू की आवाजाही पर एक सप्ताह में सोलर लाइट लगाने, सीली मल्ली में ग्राम प्रधान की पात्रता की जांच, राज्य आंदोलनकारी सूची में नाम न होने के मामले का नियमानुसार परीक्षण तथा कल्जीखाल के रौड़ गांव में सड़क कटिंग से क्षतिग्रस्त मंदिर की दीवार की अगले सोमवार से पहले मरम्मत के निर्देश दिए गए।

See also  बंद होने वाले हैं 5 हजार सरकारी स्कूल? यशपाल आर्य ने सरकार पर साधा निशाना

आयुक्त ने आवासीय भवनों पर खतरे की स्थिति में तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर स्थायी सुरक्षा कार्य होने तक वायर क्रेट आदि से सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा। प्रधानमंत्री आवास योजना, पोल्ट्री फार्म, स्थायी निवास प्रमाण-पत्र, स्वच्छता, सोलर लाइट, मंदिर जीर्णोद्धार और पेयजल पाइपलाइन सहित अन्य शिकायतें भी प्राप्त हुईं।

पुरानी शिकायतों पर भी कार्रवाई:
पौड़ी गांव में खुले घूम रहे पालतू सूअरों से फसलों को नुकसान की शिकायत पर नगर पालिका ने सूअर पालकों को नोटिस जारी किए। नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन पालकों का कुल ₹5,000 का चालान किया गया।

ग्राम पंचायत बड़कोट से खिपलाधार-खैरालिंग मंदिर मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग पर लोनिवि ने 4.25 किमी मार्ग के लिए ₹330.32 लाख की स्वीकृति का प्रस्ताव शासन को भेजा। कुनकली क्षेत्र के घण्डियालधार-कुनकली-अलासू-बेहेड़ाखाल संपर्क मार्ग के किमी 13 से 17 तक डामरीकरण एवं सफाई के लिए विस्तृत आगणन शासन को भेजा गया।

See also  पिथौरागढ़ की रामगंगा घाटी में 15 सूत्रीय मांगों को लेकर लोगों ने बुलंद की आवाज, एसडीएम डीडीहाट के जरिए सीएम धामी को भेजा ज्ञापन

प्रगति विहार, श्रीनगर में पीपल का पेड़ काटने पर रोक और ई-लाइब्रेरी के वैकल्पिक स्थान की शिकायत पर एसडीएम श्रीनगर की जांच के बाद अवैध अतिक्रमण हटाया गया तथा विद्यालय परिसर में जनहित एवं छात्रहित में ई-लाइब्रेरी निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। ग्राम ताल, पाबौ में झंगरोली हॉट मिक्स प्लांट की शिकायत पर जिला खान अधिकारी एवं तहसील प्रशासन ने संयुक्त निरीक्षण किया। प्लांट बंद मिला और आवश्यक अनुमतियां मिलने तक संचालन न करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत मैन्दणी, रिखणीखाल में विकास कार्यों की शिकायत पर जिला पंचायती राज अधिकारी ने जांच व अभिलेखों का परीक्षण किया। इसके बाद गेट निर्माण एवं ओपन जिम के लिए धनराशि स्वीकृत की गई।

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा हुई। आयुक्त ने कहा कि शिकायतों का समाधान कागजों में नहीं, धरातल पर दिखाई देना चाहिए। तत्काल समाधान वाली शिकायतें शीघ्र निस्तारित हों तथा लंबित मामलों में शिकायतकर्ताओं को प्रगति की जानकारी दी जाए। निस्तारण के बाद फोन पर फीडबैक लेने के भी निर्देश दिए गए।

See also  पिथौरागढ़ की रामगंगा घाटी में लोगों का आक्रोश, 15 सूत्रीय मांगों को लेकर आमरण अनशन की चेतावनी

उन्होंने सभी विभागों को जनता से मिलने का निर्धारित समय तय करने और नियमित जनसुनवाई व प्रभावी फॉलोअप सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन एवं जनता मिलन की सफलता शिकायतों की संख्या में नहीं, बल्कि उनके वास्तविक समाधान में है।

इस अवसर पर सीडीओ अशोक जोशी, डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी, एडीएम एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीडीओ रमेश चंद्र, सीओ तपेश कुमार चंद सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।