28 October 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

देहरादून में अवैध निर्माण पर एमडीडीए का‌ एक्शन , उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले गलती बर्दाश्त करने का सवाल ही नहीं

देहरादून में अवैध निर्माण पर एमडीडीए का‌ एक्शन , उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले गलती बर्दाश्त करने का सवाल ही नहीं

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में मसूरी और देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में बिना मानचित्र स्वीकृति और आवश्यक अनुमति के किए जा रहे सात निर्माणों को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दायरे में होटल गोल्डन हैवन के निकट एक भवन में किया जा रहा निर्माण तथा संस्कृति लोक कॉलोनी और टर्नर रोड क्षेत्र में संचालित हो रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण शामिल हैं। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है।

एमडीडीए की ओर से स्पष्ट किया गया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में निर्माण कार्य निर्धारित नियमों और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही किए जाने चाहिए। बिना अनुमति भवन निर्माण करने या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सात स्थानों पर हुई सीलिंग की कार्रवाई

प्राधिकरण की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मसूरी में घंटाघर रोड स्थित होटल गोल्डन हैवन के निकट जगमोहन अत्री द्वारा पूर्व निर्मित भवन में बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण किया जा रहा था। प्राधिकरण ने मौके पर कार्रवाई करते हुए निर्माण को सील कर दिया। इसी प्रकार, संस्कृति लोक कॉलोनी में नदीम अहमद और शहजाद द्वारा बिना स्वीकृति के किए जा रहे व्यावसायिक निर्माणों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। इसी कॉलोनी की लेन नंबर-1 में चौधरी द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को भी सील किया गया।

See also  CM धामी ने गैरसैंण को दी करोड़ों की सौगात

प्राधिकरण की कार्रवाई टर्नर रोड क्षेत्र तक पहुंची। यहां सी-12 टर्नर रोड स्थित बजाज डेयरी के पास सुमित द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील किया गया। इसके अलावा ओगल भट्टा क्षेत्र में सी-12 टर्नर रोड पर कमलेश तथा रुकसाना/इकबाल द्वारा किए जा रहे व्यावसायिक निर्माणों पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया गया।

नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी

एमडीडीए की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में अनियोजित निर्माण पर अंकुश लगाना और विकास कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करना है। देहरादून में तेजी से बढ़ती आबादी और निर्माण गतिविधियों के बीच भवन निर्माण संबंधी नियमों का पालन कराना प्राधिकरण के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है। ऐसे में बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई को नियोजित शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

See also  गैरसैंण और आसपास पानी की सप्लाई के लिए अहम कदम, रामगंगा नदी पर बांध बनाने की कवायद तेज

प्राधिकरण की ओर से भवन स्वामियों, कारोबारियों और निर्माणकर्ताओं से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार का निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक मानचित्र स्वीकृति और अनुमति प्राप्त करें। नियमों की अनदेखी करने पर सीलिंग समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।

अवैध निर्माणों पर जारी रहेगी कार्रवाई : बंशीधर तिवारी

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा मसूरी- देहरादून विकास प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्राधिकरण का उद्देश्य शहर में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना और भवन निर्माण के निर्धारित मानकों का पालन कराना है। बिना मानचित्र स्वीकृति अथवा आवश्यक अनुमति के किए जा रहे निर्माणों को किसी भी स्थिति में नियमों से बाहर नहीं रखा जा सकता। इसी क्रम में मसूरी, संस्कृति लोक कॉलोनी और टर्नर रोड क्षेत्र में सात अवैध निर्माणों को सील किया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिक भी निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृत कराएं और प्राधिकरण के नियमों का पालन करें।

See also  कांग्रेस की न्याय यात्रा पर महेंद्र भट्ट ने कसा तंज
मानकों के अनुरूप निर्माण पर जोर : मोहन सिंह बर्निया

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। बिना स्वीकृति के व्यावसायिक निर्माण करना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में सीलिंग की कार्रवाई की गई है। संबंधित अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में निगरानी रखने और नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माणों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। भवन स्वामियों और निर्माणकर्ताओं से अपील है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें। प्राधिकरण शहर के सुनियोजित विकास और निर्माण संबंधी नियमों के अनुपालन के लिए प्रतिबद्ध है।