29 October 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

डीएम पिथौरागढ़ का गंगोलीहाट दौरा, कई जगहों का लिया जायजा

डीएम पिथौरागढ़ का गंगोलीहाट दौरा, कई जगहों का लिया जायजा

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज गंगोलीहाट क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न सरकारी संस्थानों एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, राजस्व, स्वास्थ्य, धार्मिक पर्यटन एवं अवस्थापना विकास से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने सबसे पहले राजीव गांधी नवोदय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक लेकर विद्यालय में बच्चों के अध्ययन के लिए अनुकूल एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं, बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक सुविधाओं एवं गतिविधियों की जानकारी ली तथा कक्षाओं का निरीक्षण कर अध्ययनरत बच्चों से सीधे संवाद किया और उनसे फीडबैक प्राप्त किया। डीएम पिथौरागढ़ का गंगोलीहाट दौरा, कई जगहों का लिया जायजा

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बच्चों का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने हॉस्टल एवं कक्षाओं का सुरक्षा ऑडिट कराने, सुरक्षा उपकरणों को अद्यतन रखने तथा उनके सुचारु रूप से कार्यशील होने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बच्चों के आवासीय कक्षों एवं अन्य सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य त्रिभुवन वर्मा उपस्थित रहे।

तहसील के कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने तहसील गंगोलीहाट का निरीक्षण कर विभिन्न पटलों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा सभी राजस्व वादों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने तहसीलदार न्यायालय का भी निरीक्षण किया और आमजन को सभी सेवाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

See also  देहरादून में अवैध निर्माण पर एमडीडीए का‌ एक्शन , उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले गलती बर्दाश्त करने का सवाल ही नहीं

जिलाधिकारी ने कार्यालय के सभी कार्मिकों को परिचय पत्र के साथ उपस्थित रहने, प्रत्येक टेबल पर नाम पट्टिका लगाने तथा कार्मिकों के कार्यों एवं दायित्वों का स्पष्ट उल्लेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खसरा-खतौनी सहित राजस्व अभिलेखों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और अनुपयोगी सामग्री का नियमानुसार निस्तारण करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन सहित अन्य देयकों से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सभी अभिलेख एक सप्ताह के भीतर अद्यतन करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही राजस्व वसूली में तेजी लाने को कहा।

कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने रजिस्ट्रार कानूनगो से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी को तहसील के समस्त कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा कार्यालय में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

See also  CM धामी ने गैरसैंण को दी करोड़ों की सौगात

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर

जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट का निरीक्षण कर चिकित्सकों की उपलब्धता, ओपीडी एवं मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने वार्ड, इमरजेंसी, ओपीडी रजिस्टर एवं लैब का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर रखने, बेडशीट एवं गद्दों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा निर्धारित कलर कोडिंग का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही बायोमेडिकल वेस्ट का नियमानुसार सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

हाटकालिका मंदिर में पूजा-अर्चना कर मानसखंड मंदिर माला मिशन के कार्यों का लिया जायजा

इसके बाद जिलाधिकारी हाटकालिका मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत मंदिर परिसर में चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से भी वार्ता कर सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष हरगोविन्द रावल ने जिलाधिकारी का स्वागत किया।

See also  मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी डीएम के साथ ऑनलाइन बैठक की
निर्माणाधीन पार्किंग कार्य में धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने गंगोलीहाट में निर्माणाधीन पार्किंग का निरीक्षण किया। कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्था को फटकार लगाई और निर्माण कार्य में तेजी लाकर जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।