1 November 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

त्यूणी प्लासू पावर प्रोजेक्ट को केंद्र से मिली हरी झंडी

त्यूणी प्लासू पावर प्रोजेक्ट को केंद्र से मिली हरी झंडी

उत्तराखण्ड में जल विद्युत परियोजनाओं के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। यूजेवीएन लिमिटेड की 72 मेगावाट क्षमता की त्यूणी-प्लासू जल विद्युत परियोजना को भारत सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से अंतिम वन स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इस स्वीकृति से जनपद देहरादून की त्यूणी तहसील में टोंस नदी पर प्रस्तावित परियोजना के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। परियोजना से प्रतिवर्ष लगभग 298.51 मिलियन यूनिट (29.85 करोड़ यूनिट) विद्युत उत्पादन का अनुमान है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्यूणी-प्लासू जल विद्युत परियोजना को अंतिम वन स्वीकृति मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उत्तराखण्ड को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि राज्य में जल विद्युत उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश सरकार पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखते हुए इन संभावनाओं का समुचित उपयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।

See also  उत्तराखंड पुलिस ने नए झंडे और प्रतीक चिन्ह का सीएम धामी ने किया अनावरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। त्यूणी-प्लासू जल विद्युत परियोजना के पूर्ण होने से प्रदेश की विद्युत उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल विद्युत परियोजनाओं से संबंधित आवश्यक स्वीकृतियों और प्रक्रियाओं को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है, ताकि प्रदेश के जल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि त्यूणी-प्लासू जल विद्युत परियोजना को अंतिम वन स्वीकृति प्राप्त होना लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण सफलता है। इससे परियोजना के निर्माण संबंधी कार्यों को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी। निगम सभी आवश्यक वैधानिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए परियोजना के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाएगा।

See also  सीएम धामी की अपने शिक्षकों से भावुक माहौल में मुलाकात

प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश की जल विद्युत क्षमता के विकास और ऊर्जा क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यूजेवीएन लिमिटेड प्रदेश में नई जल विद्युत परियोजनाओं के विकास तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। त्यूणी-प्लासू परियोजना को अंतिम वन स्वीकृति मिलना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना के पूर्ण होने पर प्रदेश को अतिरिक्त स्वच्छ विद्युत उपलब्ध होगी, जिससे राज्य की ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी।

See also  13 नवंबर को होगा प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन