आगामी 09 नवंबर को मनाए जाने वाले राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर आज जिला सभागार में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में समस्त विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राज्य स्थापना दिवस को जनपद में हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस उत्तराखंड राज्य के गठन के लिए किए गए संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस अवसर पर राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष एवं योगदान को याद करते हुए उनके परिजनों को सम्मानित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के दौरान स्थानीय संस्कृति, लोक परंपराओं एवं उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त नगर निकायों, ग्राम पंचायतों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान में संबंधित विभाग एवं स्थानीय निकाय आपसी समन्वय से सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि जनपद में स्वच्छ एवं सकारात्मक वातावरण बनाया जा सके।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष एवं योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए भी आवश्यक प्रयास करने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफ़ाल सहित समस्त विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
दिल की बात अंकल धामी के साथ
सीएम धामी ने रोडवेज की 59 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
कुंभ को लेकर सीएम ने चिकित्सा उपकरणों की हरी झंडी दिखाकर रवाना किया