“मुख्यमंत्री जी, आपको धाकड़ सुना था, लेकिन आप क्षेत्रीय विधायक की बात सुने बिना ही कार्यक्रम से चले गए।”
कुछ ऐसे ही तीखे सवालों और नाराजगी के बीच शनिवार को पिथौरागढ़ जिले के सीमांत क्षेत्र में आयोजित जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में भारी हंगामा देखने को मिला।
घटनाक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया और अपना संबोधन दिया। लेकिन स्थानीय कांग्रेस विधायक हरीश धामी, जो कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे, के अध्यक्षीय संबोधन से पहले ही मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए। इसके बाद जब विधायक हरीश धामी संबोधन के लिए खड़े हुए तो वह मुश्किल से एक पंक्ति ही बोल पाए थे कि कथित तौर पर उनका माइक बंद कर दिया गया। इससे विधायक बुरी तरह नाराज हो गए। गुस्से में उन्होंने माइक मंच पर फेंक दिया और स्वयं दौड़कर साउंड सिस्टम संभाल रहे व्यक्ति के पास पहुंच गए।

इसी बीच उनके एक समर्थक ने मंच पर रखे पोडियम को लात मारकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति पैदा हो गई।
हंगामे के बाद जब दोबारा विधायक को माइक दिया गया तो उन्होंने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा तथा अपनी नाराजगी जाहिर की।
इस पूरे घटनाक्रम ने उत्तराखंड के राजनीतिक गलियारों में एक नई बहस छेड़ दी है। एक ओर निर्वाचित क्षेत्रीय विधायक को अपनी बात रखने का अवसर न दिए जाने पर सवाल उठ रहे हैं, तो दूसरी ओर विरोध जताने के तरीके को लेकर भी चर्चा हो रही है।
दो धामियों के बीच जौलजीबी मेले में हुए इस नाटकीय घटनाक्रम को आप किस रूप में देखते हैं? क्या विधायक का विरोध जायज था या विरोध जताने का उनका तरीका अनुचित था? अपनी राय कमेंट में जरूर दें।

More Stories
उत्तराखंड की कानून व्यवस्था पर NSUI ने उठाए सवाल, हरक सिंह रावत ने भी साधा निशाना
सीएम धामी ने किया ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन
विकसित उत्तराखंड की परिकल्पना से प्रवासी उत्तराखंडी उत्साहित