जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज श्रम विभाग से संबंधित शिकायतों के मद्देनजर श्रम विभाग कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, पंजीकृत श्रमिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा टूल किट एवं अन्य उपकरणों के वितरण की स्थिति की जानकारी सहायक श्रम आयुक्त दीपक कुमार से ली।
लाभार्थियों को निर्धारित टूल किट एवं अन्य उपकरण उपलब्ध कराने में देरी तथा वितरण प्रक्रिया में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने वहाँ उपस्थित अधिकारीयों एवं कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को अनुमन्य सुविधाओं एवं उपकरणों का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए।
किसी भी लाभार्थी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा टूल किट एवं अन्य उपकरणों के वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही विभागीय अभिलेखों एवं लाभार्थियों से संबंधित विवरण को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय में श्रम कार्ड बनवाने एवं नवीनीकरण कराने पहुंचे लोगों से भी सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि नए श्रम कार्ड बनाने तथा पुराने श्रम कार्डों के नवीनीकरण एवं अद्यतनीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। आमजन को आवेदन संबंधी औपचारिकताओं के लिए बार-बार कार्यालय न आना पड़े, इसके लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा उनके कार्यों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने ग्रामीण निर्माण विभाग कार्यालय का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, विभागीय कार्यप्रणाली, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराए जाएं तथा निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी शासकीय कार्यालयों की कार्यप्रणाली पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहित केंद्रित होनी चाहिए। आमजन एवं पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा कार्यालयों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

More Stories
विकास योजनाओं को लेकर सीएम धामी ने मंजूर किया बजट
पौड़ी सड़क हादसे पर सीएम धामी ने जताया दुख
पौड़ी के रिखणीखाल में हादसा, 8 लोगों की मौत