15 July 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

चमोली में स्वास्थ्य शिविर में 150 मरीजों का किया परीक्षण

चमोली में स्वास्थ्य शिविर में 150 मरीजों का किया परीक्षण

सेवा सप्ताह के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर के अंतिम दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाट (नंदानगर) में 150 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में विभिन्न रोगों की स्क्रीनिंग, जांच, टीकाकरण एवं जनस्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।

शिविर के दौरान 49 लाभार्थियों की उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) तथा 49 की मधुमेह की स्क्रीनिंग की गई। 8 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच (एएनसी), 10 मरीजों के एक्स-रे तथा 91 लाभार्थियों की विभिन्न प्रकार की लैब जांचें की गईं। इसके अलावा 20 किशोरियों को मासिक धर्म एवं किशोरी स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। 38 महिलाओं की सर्वाइकल एवं स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग तथा 49 लाभार्थियों की मुख कैंसर की जांच की गई। शिविर में 13 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई, जबकि 2 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग भी की गई। साथ ही 30 लोगों के आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी तथा 2 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।

See also  पिथौरागढ़ में स्कूल की गाड़ियों को लेकर चेकिंग अभियान, एक वैन सीज

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत 16 जुलाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ में भी बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने ज्योतिर्मठ विकासखंड के सभी क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में सर्जन डॉ. भानु प्रताप, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अंबरीश कुमार सिंह, वरिष्ठ दृष्टिमितज्ञ शिव सिंह राणा, फिजीशियन एवं मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सुदेश, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अमृता तथा होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. हर्षवर्धन सिंह रावत ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया।

See also  हरेला के मौके पर सीएम धामी ने यमकेश्वर में किया पौधरोपण का शुभारंभ